टी-20 विश्व कप से पहले भारत को झटका, हर्षित राणा चोटिल, मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी संभव

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच में वो केवल एक ही ओवर कर सके, जिसमें उन्होंने 16 रन लुटाए।

टी-20 विश्व कप से पहले भारत को झटका, हर्षित राणा चोटिल, मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी संभव

हर्षित राणा के घुटने का मेनिस्कस फट गया है।

Share:

Highlights

  • टी-20 विश्व कप से पहले हर्षित राणा हुए चोटिल।
  • मेनिस्कस फटने से सर्जरी की सलाह, समय पर फिट होना मुश्किल।
  • हर्षित की जगह अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बुलाने की तैयारी।

टी-20 विश्व कप 2026 के आगाज से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। भारतीय टीम के युवा और उभरते हुए तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोंट के कारण इस बड़ी प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। ये खबर भारतीय टीम के लिए ज्यादा अच्छी नहीं है, क्योंकि हर्षित को अपनी उम्दा गेंदबाजी और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता के कारण टीम में शामिल किया गया था। हर्षित राणा को ये चोंट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। उनका समय पर ठीक हो पाना भी मुश्किल ही लग रहा है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच में वो केवल एक ही ओवर कर सके, जिसमें उन्होंने 16 रन लुटाए। मेडिकल रिपोर्ट्स और स्कैन से पता चला है कि उनके घुटने का मेनिस्कस (Meniscus) फट गया है। इसे ठीक करने के लिए उन्हें सर्जरी की सलाह दी गई है। प्रतियोगिता शुरू होने में बहुत कम समय बचा है और इतने कम वक्त में हर्षित ठीक नहीं हो पाएंगे। ताजा जानकारी के मुताबिक, उनकी जगह अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को रिप्लेसमेंट के तौर पर वापस बुलाया जा रहा है। शुरूआत में वो इस स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इस मुसीबत के समय भारतीय टीम को उनकी "मियां मैजिक" वाली गेंदबाजी की जरूरत है। 

सिराज के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव तो है ही, साथ में वो नई गेंद से कमाल दिखा सकते हैं। हालांकि हम देखते आए हैं कि अक्सर पहला ओवर खतरनाक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ही करते है। सिराज हर्षित की तरह बल्लेबाजी में योगदान नहीं दे सकते, लेकिन उनकी मौजूदगी से भारतीय बोलिंग अटैक और भी मजबूत हो जाएगा। टी-20 विश्व कप में भारत को अपना पहला मैच अमेरिका के खिलाफ 7 फरवरी को खेलना है। भारतीय क्रिकेट फैंस यही चाहेंगे कि सिराज जल्द से जल्द भारतीय टीम के साथ जुड़ें और अपनी दमदार गेंदबाजी से एक बार फिर भारत को विश्व विजेता बनाने में मदद करें।

रिलेटेड टॉपिक्स