भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त को शुरू हुआ। यह मुकाबला गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, जो काफी अच्छा साबित हुआ। यशस्वी जायसवाल (32) और केएल राहुल (82) ने टीम को मजबूत शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। हालांकि, पारी के दौरान एक चिंताजनक घटना हुई जब राहुल को क्रैम्प्स के कारण 77 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा।
कप्तान शुभमन गिल भी 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर भी, इससे भारत को कोई खास परेशानी नहीं हुई, क्योंकि देवदत्त पडिक्कल (167) एक छोर पर डटे रहे। उन्हें ऋषभ पंत (39) और ध्रुव जुरेल (51) का अच्छा साथ मिला। राहुल बाद में बल्लेबाजी करने लौटे, लेकिन अपने स्कोर में सिर्फ 5 रन और जोड़ने के बाद आउट हो गए। निचले क्रम के उपयोगी योगदान, मानव सुथार (24), रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव (13-13) और मोहम्मद सिराज (11) की बदौलत, भारत ने अपनी पहली पारी में सभी 10 विकेट गंवाकर 462 रन बनाए।
प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए, जबकि केशरा नुवान्था ने 3 और असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट हासिल किए। दूसरी ओर, श्रीलंका की पहली पारी की शुरूआत बहुत खराब रही और निशान फर्नांडो बिना खाता खोले ही आउट हो गए। 27 रन के स्कोर पर श्रीलंका ने अपना दूसरा विकेट गंवा दिया, जब दिनेश चांदीमल (4) आउट हुए। लाहिरू उदारा (27) और कामिंदु मेंडिस (14) भी बड़ी पारियां नहीं खेल सके और एक-एक कर पवेलियन लौट गए। धनंजय डी सिल्वा भी 21 रन बनाकर चलते बने। एक वक्त पर टीम का स्कोर 90-5 था।
ऐसी मुश्किल स्थिति में सोनल दिनुशा (100) ने मोर्चा संभाला। उन्हें निरोशन डिकवेला (80) का बेहतरीन साथ मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 146 रनों की अहम साझेदारी की और श्रीलंका को मुश्किल से बाहर निकाला। हालांकि, निरोशन के आउट होने के बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। सोनल आउट होने वाले नौवें बल्लेबाज थे। पहली पारी में पूरी टीम 10 विकेट खोकर 284 रन ही बना सकी। मानव सुथार ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके। वहीं रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा एवं कुलदीप यादव को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका की टीम 178 रन से पीछे चल रही है।