भारत-पाक मैच विवाद : टी20 विश्व कप से पहले PCB के फैसले पर दिग्गजों की नाराजगी

पाकिस्तान की सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि उनकी टीम टी-20 विश्व कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले का बॉयकॉट करेगी।

भारत-पाक मैच विवाद : टी20 विश्व कप से पहले PCB के फैसले पर दिग्गजों की नाराजगी

पाकिस्तान के इस फैसले के बाद भारत के दिग्गजों ने उन्हें आड़े हाथों लिया है।

Share:

Highlights

  • पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में खेलने से किया इंकार।
  • सुनील गावस्कर और हरभजन सिंह ने की इस फैसले की कड़ी आलोचना।
  • मैच बहिष्कार पर पाकिस्तान को आर्थिक नुकसान की संभावना।

टी-20 विश्व कप 2026 के शुरू होने से पहले ही क्रिकेट की दुनिया में विवाद शुरू हो गया है। पाकिस्तान की सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कहा है कि उनकी टीम टी-20 विश्व कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले का बॉयकॉट करेगी। इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में नाराज़गी देखी जा रही है और कई दिग्गज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया है। सर्वकालिक महान सलामी बल्लेबाजों में से एक सुनील गावस्कर ने इस मामले में एक सख्त टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

गावस्कर के मुताबिक, "पाकिस्तान अक्सर इस तरह के यू-टर्न लेता रहता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसे पाकिस्तान के खिलाड़ी रिटायरमेंट की घोषणा कर 4-5 दिन बाद वापस आ जाते हैं, वैसे ही हो सकता है कि कुछ दिनों बाद वे अपने इस फैसले को बदल दें। पाकिस्तान ने पहले भी इस तरह के उदाहरण पेश किए हैं।" भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि, "पाकिस्तान द्वारा लोगों को भटकाने के लिए ये महज़ एक नाटक है। आप कहते हैं कि आप बांग्लादेश के साथ खड़े है। लेकिन जो आपके देश के लोग हैं, जो चाहते हैं कि भारत-पाकिस्तान का मैच हो, उनके लिए क्या सोचा है आपने?"

हरभजन ने यह भी बताया कि, "जब ICC की वोटिंग हुई थी कि बांग्लादेश को आगामी टूर्नामेंट में रखना चाहिए या नहीं, तो 14-2 से ये निर्णय लिया गया कि बांग्लादेश को इस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाए। अब पाकिस्तान ने ये कौनसा नया पंगा ले लिया है और इससे उन्हें क्या फायदा होने वाला है? बस अकड़ दिखाने के लिए आ गए की हम विश्व कप खेलेंगे लेकिन भारत के साथ नहीं खेलेंगे।" उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान में वाकई दम है, तो वो मैच का बहिष्कार करके दिखाए। हरभजन ने यह भी याद दिलाया कि एशिया कप के दौरान जब पैसों की बात आई थी, तो पाकिस्तान ने सारे मैच खेल लिए थे।

अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ कोलंबो में नहीं उतरता है, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इससे न केवल भारत को मुफ्त के अंक मिल जाएंगे, बल्कि पाकिस्तान को भी करोड़ों का हर्जाना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा भविष्य में होने वाले बड़े टूर्नामेंटों की मेज़बानी भी पाकिस्तान के हाथों से जा सकती है।

रिलेटेड टॉपिक्स