इंदौर में एक 36 वर्षीय उद्योगपति ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को निवेदन करते हुए खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका जताई है। उद्योगपति कपिल गोयल ने आरोप लगाया है कि एक पुराने विवाद के कारण उन पर दबाव बनाया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठी FIR दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। कपिल गोयल ने बताया कि उनका कांग्रेस नेता राकेश सिलावट नामक एक व्यक्ति से विवाद चल रहा है। दोनों एक-दूसरे को पिछले 18 वर्षों से जानते हैं। बताया जा रहा है कि, दोनों कंस्ट्रक्शन व्यवसाय में भी साथ काम कर चुके हैं। कपिल के कुछ पुराने कागज़ राकेश के पास मौजूद थे। आरोप है कि उन पर झूठी लिखा-पढ़ी अथवा जालसाजी कर राकेश ने कपिल से 20-21 लाख रूपए की मांग की।
इस संबंध में राकेश द्वारा पुलिस को एक शिकायत भी दर्ज कराई गई। बाद में विस्तृत जांच में यह सामने आया कि राकेश द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेज पूरी तरह से झूठे और निराधार हैं। हालांकि, मामला यहीं नहीं थमा। इसके बाद राकेश ने इंदौर के एक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि कपिल उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं तथा उन पर पुनः 21 लाख रूपए वसूलने हेतु दबाव बनाया गया। पुलिस द्वारा इस मामले की भी जांच की गई और पाया गया कि पैसों के लेन-देन के कारण ही वह झूठी शिकायतें दर्ज कर रहा है। इतना सब होने के बाद कपिल ने भी राकेश के खिलाफ कोर्ट में क्रिमिनल कंप्लेंट दर्ज की। इसके अलावा, राकेश द्वारा कपिल और उनके परिवार को सोशल मीडिया तथा सार्वजनिक स्थानों पर धमकाने के कारण, उसके खिलाफ मानहानि का नोटिस भी भेजा गया है।
कपिल ने आगे बताया कि चार दिन पहले उन्हें DCP जोन-4 से नोटिस मिला कि इस संबंध में जांच-पड़ताल की जा रही है। इस कड़ी में कपिल से उनके बयान भी लिए गए और उन्होंने अपने दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। परंतु उनकी सुनवाई नहीं हुई और अब उन्हें वे कागजात लाने के लिए परेशान किया जा रहा है, जो उनके पास मौजूद ही नहीं हैं। इस पूरे घटनाक्रम में एक राजनीतिक एंगल भी सामने आया है। कपिल के मुताबिक, राकेश के कोई नजदीकी संबंधी भाजपा विधायक हैं और उनके दबाव में पुलिस कपिल को झूठे केस में फंसाकर फर्जी FIR दर्ज करने की तैयारी में है। कपिल ने बताया कि वह पिछले आठ महीनों में तीन बार अलग-अलग पुलिस थानों में जांच करवा चुके हैं और हर बार यही साबित हुआ कि राकेश ही गलत है।
अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा भी कपिल पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे 21 लाख रूपए देकर राकेश से समझौता कर लें। पुलिस द्वारा उन्हें प्रताड़ित भी किया जा रहा है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि कपिल कोर्ट में दायर अपनी शिकायत वापस ले लें। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व राकेश एक अन्य महिला को भी वसूली के लिए परेशान कर चुका है। कपिल ने अंत में लिखा कि इंदौर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और अब उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जा रहा है। उन्होंने DGP से निवेदन करते हुए कहा कि उन्हें कानून की अधिक जानकारी नहीं है और इस मामले में उनकी सहायता की जाए।