इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का बिगुल बज चुका है और 28 मार्च से क्रिकेट का असली रोमांच शुरू होने वाला है। इस बार सबकी नजरें सिर्फ पुराने दिग्गजों पर नहीं, बल्कि कई नए और उभरते हुए चेहरों पर भी है, जो अपनी प्रतिभा के दम पर इस सीजन में तहलका मचाने को तैयार हैं। सबसे पहला नाम जो चर्चा में है, वो राजस्थान रॉयल्स (RR) के वैभव सूर्यवंशी। 14 साल की उम्र में अपना IPL डेब्यू करने वाले वैभव ने पिछले साल भी अपनी बल्लेबाजी से सबको चौंकाया था, लेकिन इस बार उनसे उम्मीदें ज्यादा होंगी।
अब तक 7 IPL मैच खेल चुके वैभव ने 206.56 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक भी निकला है। इसके अलावा 2026 के ही अंडर-19 विश्व कप में 7 मैचों में 62.71 की एवरेज से 439 रन बनाकर सेकंड हाईएस्ट रन-स्कोरर रहे। उस पूरी प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा छक्के और एक पारी में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड वैभव के ही नाम पर है। इसी विश्व कप के फाइनल में वैभव ने 175 रन भी बनाए थे और भारतीय टीम ने छठीं बार ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया था। राजस्थान को इस साल उनसे इसी तरह के धुआंधार प्रदर्शन की उम्मीदें होंगी।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी इस बार आयुष म्हात्रे पर भरोसा दिखाया है। आयुष को IPL 2026 के पहले रिटेन किया गया था और अब वो नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए भी दिखाई दे सकते हैं। आयुष अपने IPL करियर में 7 मैच खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 188.98 की स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाए थे। वह चोटिल ऋतुराज गायकवाड़ की जगह टीम में शामिल हुए थे और उन्होंने जल्द ही अपना प्रभाव भी जमा दिया था। भारत इसी साल अंडर-19 विश्व कप भी उन्हीं की कप्तानी में जीता था, जहां उन्होंने बल्ले से योगदान देते हुए 7 मैचों में 30.57 की औसत से 214 रन बनाए थे। टीम को इस साल उनसे पहले से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने न्यूजीलैंड के जैकब डफी को अपनी गेंदबाजी अटैक का हिस्सा बनाया है। जैकब 48 टी-20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) मैचों में 62 विकेट ले चुके हैं और पूर्व में T20I रैंकिंग्स में नंबर-1 गेंदबाज भी रह चुके हैं। हालांकि उन्होंने अब तक एक भी IPL मैच नहीं खेला है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी डार पर भारी भरकम 8.40 करोड़ रूपए खर्च किए हैं। आकिब ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में 60 विकेट लेकर तहलका मचाया था और अब वह IPL के बड़े मंच पर अपनी रफ्तार का जादू दिखाने को बेताब हैं।
इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के रविचंद्रन स्मरण और कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के अंगकृष रघुवंशी जैसे खिलाड़ी भी इस लिस्ट में शामिल हैं। स्मरण अब तक 17 प्रथम श्रेणी मैचों में 73.04 की औसत से 1,534 रन बना चुके हैं। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 8 मैचों में 95 की औसत से 950 रन बनाए हैं। उनके अलावा रघुवंशी IPL में अपनी कुशल बल्लेबाजी के लिए पहले ही सुर्खियां बटोर चुके हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि IPL इन युवा सितारों के नाम रहने वाला है, जो आने वाले समय में भारतीय और इंटरनेशनल क्रिकेट का भविष्य तय करेंगे।