भारत के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। UAE के रक्षा मंत्रालय (MoD) ने बताया है कि ओमान के समुद्री इलाके में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दक्षिणी शिपिंग लेन से गुजरते समय UAE के 2 टैंकरों, 'मोम्बासा' और 'अल-बाहिया', को ईरान की दो क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया।
इस हमले में 'मोम्बासा' टैंकर पर सवार एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए। घायलों में से 4 को गंभीर चोटें आईं। घायलों में 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। हमले के कारण आग लग गई जिससे दोनों टैंकरों को नुकसान पहुंचा, हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बताते हुए, UAE के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह अपने क्षेत्र, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है। UAE अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए इस तनावपूर्ण स्थिति का जवाब देगा।
रक्षा मंत्रालय ने ये भी दोहराया है कि वो किसी भी तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। साथ ही देश की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का कड़ाई से जवाब देने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहा है।
UAE के विदेश मंत्रालय (MoFA) ने भी इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने एक बयान में पुष्टि की है कि ईरान के इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए, जिनमें से 4 को गंभीर चोटें आईं।
घायलों में 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय ने पीड़ित के परिवार और भारत गणराज्य की सरकार व लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त की और सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का इस्तेमाल आर्थिक दबाव या ब्लैकमेल के साधन के रूप में करना समुद्री डकैती (Piracy) करने जैसा है और यह क्षेत्र की स्थिरता, वहां के लोगों और ग्लोबल एनर्जी सिक्योरिटी के लिए खतरा पैदा करता है।
UAE ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान को इन बिना उकसावे के किए गए हमलों को रोकना चाहिए, सभी शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को तुरंत बंद करने के प्रति अपनी पूरी प्रतिबद्धता सुनिश्चित करनी चाहिए और क्षेत्रीय सुरक्षा तथा ग्लोबल इकोनॉमी और ट्रेड की स्थिरता बनाए रखने के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह और बिना किसी शर्त के फिर से खोलना चाहिए।