इजराइल-अमेरिका और ईरान आमने-सामने : मिसाइलों से दहला मिडिल ईस्ट, दुनिया में बढ़ी टेंशन

28 फरवरी को इजराइल ने ईरान पर मिसाइल हमला किया, जिसके बाद तेहरान में कई धमाके हुए और हालात तनावपूर्ण हो गए। इजराइल ने इसे सुरक्षा कदम बताया, जबकि ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों से जवाबी हमला किया। इजराइल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है और दोनों देशों के बीच टकराव से मिडिल ईस्ट में हालात गंभीर हो गए हैं।

इजराइल-अमेरिका और ईरान आमने-सामने : मिसाइलों से दहला मिडिल ईस्ट, दुनिया में बढ़ी टेंशन

इस टकराव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय शांति पर पड़ना तय माना जा रहा है।

Share:

Highlights

  • इजराइल ने ईरान में हमला कर मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा दिया।
  • तेहरान में धमाके, ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों से किया जवाबी हमला।
  • इजराइल में इमरजेंसी लागू, दोनों देशों में युद्ध जैसे हालात बने।

इजराइल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है। 28 फरवरी, शनिवार को इजराइल ने ईरान पर सीधा मिसाइल हमला कर दिया, जिससे पूरे मिडिल ईस्ट में हड़कंप मच गया। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस हमले की पुष्टि करते हुए इसे एहतियाती हमला (Preemptive Strike) बताया है। उनका कहना है कि इजराइल ने अपने ऊपर मंडरा रहे खतरों को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया।

तेहरान के मध्य और उत्तरी इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। रिपब्लिक स्ट्रीट, यूनिवर्सिटी एरिया और जम्हारी जैसे क्षेत्रों में धुएं के गुबार देखे गए। स्थानीय मीडिया ने धमाकों की पुष्टि की है, लेकिन हताहतों और नुकसान को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक, हमले में उन संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया गया, जहां ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का कार्यालय और राष्ट्रपति आवास स्थित हैं। हालांकि, ईरान ने दावा किया है कि खामेनेई पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इस सैन्य कार्रवाई में अमेरिका की भूमिका भी चर्चा में है। हाल के दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम (Nuclear Program) को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। अपने ताजा बयान में ट्रंप ने कहा, "ईरान के खिलाफ हमने ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हमला अंतिम विकल्प था। ईरान फिर से परमाणु शक्ति बनने की कोशिश कर रहा था और हम उसे कभी परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे। खामेनेई की फोर्स को हथियार डालने होंगे।" इसके साथ ही बुशहर में भी हमले की खबर है, जहां रूस से जुड़ा परमाणु संयंत्र (Nuclear Plant) स्थित है।

हमले के तुरंत बाद इजराइल में स्टेट ऑफ इमरजेंसी घोषित कर दी गई। देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लोगों को बंकरों में भेजा जा रहा है। सायरन बजाकर नागरिकों को अलर्ट किया जा रहा है और स्कूल बंद कर दिए गए हैं। दूसरी ओर, ईरान ने अपनी हवाई सीमा अस्थायी रूप से बंद कर दी है। कुछ इलाकों में संचार सेवाएं बाधित होने की खबर है। इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी हमले शुरू कर दिए हैं। उसने इजराइल के उत्तरी इलाके को टारगेट किया है। जानकारी के मुताबिक, ईरान इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइल दाग रहा है। इसके अलावा इजराइल भी अपने आयरन डोम को एक्टिवेट कर चुका है। इस टकराव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय शांति पर पड़ना तय है। आने वाले कुछ घंटे और दिन इस संकट की दिशा तय करेंगे।

रिलेटेड टॉपिक्स