कर्नाटक की राजनीति में आज से एक नए दौर की शुरूआत हो गई है। पिछले 3 वर्षों से उपमुख्यमंत्री और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने आज मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। उन्होंने लोक भवन के ग्लास हाउस में एक गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भारत के संविधान को हाथ में लेकर शिवकुमार ने शपथ ली। शपथ ग्रहण से पूर्व शिवकुमार ने अपने पूर्ववर्ती सिद्धारमैया का अभिवादन भी किया। सिद्धारमैया कैबिनेट में गृह मंत्री रहे डॉ. जी. परमेश्वर ने भी आज कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री की कुर्सी संभाल ली है।
इन दोनों के अलावा 12 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है। इन 12 मंत्रियों में के. एच. मुनियप्पा, के. जे. जॉर्ज, एम. बी. पाटिल, रामलिंग रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खरगे, यू. टी. खादर, ईश्वर खंड्रे, डॉ. यतीन्द्र सिद्धारमैया, बी. सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल के नाम शामिल है। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, जैसे ए. रेवंत रेड्डी, वी. डी. सतीशन और सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा सांसद राहुल गांधी, AICC महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
इनके अतिरिक्त केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला, गौरव गोगोई और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के भी कुछ प्रमुख चेहरे आज उपस्थित थे। केरलम और तमिलनाडु की तरह, कर्नाटक में भी "वन्दे मातरम" के गायन के साथ ही कार्यक्रम का आरंभ हुआ। शपथ ग्रहण के बाद उन्हें अलग-अलग दलों के नेताओं से बधाईयां भी मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिवकुमार को बधाई दी। X पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "श्री डी.के. शिवकुमार जी को कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। केंद्र सरकार लोगों के कल्याण के लिए कर्नाटक सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।"
बीजू जनता दल (BJD) के प्रमुख और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, "श्री डी.के. शिवकुमार जी को कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। मेरी कामना है कि आपके नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। हार्दिक शुभकामनाएं।"