जबलपुर जिले के बरगी बांध में डूबा क्रूज, 9 लोगों की मौत, 22 लोगों को किया गया रेस्क्यू

इस घटना पर चश्मदीदों और प्रभावितों के विभिन्न बयान भी सामने आए हैं। दिल्ली की एक पर्यटक संगीता कोरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि अचानक तेज हवाओं के कारण क्रूज में पानी भर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और आखिरकार क्रूज पलट गया।

जबलपुर जिले के बरगी बांध में डूबा क्रूज, 9 लोगों की मौत, 22 लोगों को किया गया रेस्क्यू

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

Share:

Highlights

  • उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय क्रूज में करीब 35 लोग सवार थे।
  • मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया।
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया की मृतकों के परिवारजनों को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से बेहद दुःखद घटना सामने आई है। यहां 30 अप्रैल को शाम 6-7 बजे के बीच, नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध में मध्य प्रदेश टूरिज्म का क्रूज तेज आंधी और तूफान के बीच डूब गया। इस भीषण हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की खबर है, वहीं 22 लोगों को रेस्क्यू भी कर लिया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय क्रूज में करीब 35 लोग सवार थे।

इस दुःखद घटना पर शोक जताते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, "इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।" उन्होंने बताया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री राकेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस घटना पर चश्मदीदों और प्रभावितों के विभिन्न बयान भी सामने आए हैं। दिल्ली की एक पर्यटक संगीता कोरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि अचानक तेज हवाओं के कारण क्रूज में पानी भर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और आखिरकार क्रूज पलट गया।

उन्होंने आगे कहा, "किसी को भी पहले से लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई थी। जब क्रूज में पानी भरने लगा, तो उन्होंने जल्दबाजी में जैकेट बांटीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे से जैकेट छीनने लगे। फिर क्रूज पलट गया। इसमें बहुत ज्यादा लापरवाही बरती गई थी। क्रूज का चालक किसी की बात नहीं सुन रहा था। गांव के लोग चिल्लाकर और इशारों से उसे क्रूज को सुरक्षित जगह पर ले जाने के लिए कह रहे थे, लेकिन वह उसी रास्ते पर आगे बढ़ता रहा, जिसकी वजह से क्रूज अचानक पलट गया। मेरे भाई ने स्टोररूम का दरवाजा तोड़कर लोगों की तरफ तेजी से लाइफ जैकेट फेंकीं।"

मध्य प्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र लोधी ने कहा, "क्रूज पर लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई जाती हैं और एक स्पष्ट नियम है, जिसके तहत यात्रियों को उन्हें पहनना अनिवार्य है। अब जब आरोप लगाए जा रहे हैं, तो हम यह पता लगाने के लिए जांच करेंगे कि यह चूक किस वजह से हुई। यदि कोई लापरवाही पाई जाती है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाएं हमें अंदर तक झकझोर देती हैं। यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।"

रिलेटेड टॉपिक्स