महाराष्ट्र के विकास की दिशा को तय करने वाला साल 2026 का बजट आज राज्य की विधानसभा में पेश किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ही इस बार वित्त मंत्रालय संभालते हुए बजट प्रस्तुत किया। ये जिम्मेदारी पहले राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पास थी, लेकिन बारामती में हुए विमान हादसे में उनके निधन के बाद देवेंद्र फडणवीस ने ये जिम्मेदारी संभाली। इसे केवल इस साल का बजट नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के विकास का रोडमैप भी माना जा रहा है। इस बजट में तकनीक और इनोवेशन पर खासा जोर दिया गया है। सरकार ने घोषणा की है कि राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डायरेक्टरेट बनाया जाएगा, जो राज्य में AI से जुड़े प्रोजेक्ट्स और नीतियों को आगे बढ़ाएगा। इसके साथ ही 75 गांवों में AI आधारित पायलट प्रोजेक्ट्स शुरू किए जाएंगे, जिससे लोगों का जीवन बेहतर हो सके।
कृषि क्षेत्र में भी कई अहम घोषणाएं की गईं हैं। सरकार ने 5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का फैसला किया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों के लिए सौर ऊर्जा हेतु 20,000 करोड़ रूपए आवंटित करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र भारत का पहला राज्य है जहां सौर ऊर्जा से चलने वाले पंप लगाए गए हैं, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्राप्त है। फडणवीस ने आगे कहा कि छतों पर सौर पैनल सब्सिडी के साथ लगाए जाएंगे और स्मार्ट योजना के तहत 5 लाख उपयोगकर्ताओं को राज्य सरकार की ओर से रियायतें भी मिलेंगी। पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होळकर कर्ज माफी योजना के तहत पात्र किसानों का 2 लाख रूपए तक का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। इसके अलावा समय पर कर्ज की किश्तें चुकाने वाले किसानों को 50,000 रूपए तक की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजीत पवार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "सबसे अधिक बार उपमुख्यमंत्री रहे व्यक्ति आज हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने 11 वर्षों तक बजट प्रस्तुत किया और उनकी वित्तीय सूझबूझ (Fiscal Prudence) ने राज्य को सही राह पर बनाए रखा। यह बजट उन्हें समर्पित है।” फडणवीस ने यह भी घोषणा की कि अजीत पवार के सम्मान में एक स्मारक का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की कि 'माझी लड़की बहन' योजना जारी रहेगी। हालांकि, मासिक भुगतान में मौजूदा 1,500 रूपए से 2,100 रूपए तक की वृद्धि की घोषणा नहीं की गई। सरकार ने रोजगार के क्षेत्र में भी कई बड़े लक्ष्य निर्धारित किए हैं। राज्य में 75,000 नई सरकारी नौकरियां भरी जाएंगी। मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे शहरों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा 6,000 किलोमीटर दो लेन के हाईवे भी बनाए जाएंगे।
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को भी बजट में महत्व दिया गया है। नाशिक में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए फंड दिया गया है और सातारा में छत्रपति शाहू महाराज के जन्मस्थान को संरक्षित किया जाएगा। वहीं वासोटा किले तक पर्यटकों की सुविधा के लिए रोपवे बनाने की भी योजना है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र ग्रांट अकादमी की भी स्थापना करेगी। इसके माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ करने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी और इस पहल का उद्देश्य राज्य की भाषाई, कलात्मक, खेल और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है।