महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : निर्विरोध जीत तय, भाजपा और गठबंधन के नेताओं ने भरा नामांकन

महाराष्ट्र विधान परिषद से इस साल रिटायर होने वाले नेताओं की बात करें, तो इनमें उद्धव ठाकरे, शशिकांत शिंदे, अमोल मिटकरी, रणजीतसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश राठौड़, दादाराव केचे, डॉ. नीलम गोऱ्हे, संदीप जोशी और संजय केणेकर/केनेकर शामिल हैं।

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : निर्विरोध जीत तय, भाजपा और गठबंधन के नेताओं ने भरा नामांकन

भाजपा नेताओं के नॉमिनेशन के समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी वहां उपस्थित थे।

Share:

Highlights

  • भाजपा से विधान परिषद जाने वाले नेताओं में सुनील कर्जतकर और माधवी नाईक समेत 6 लोग शामिल है।
  • शिवसेना ने बच्चू कडू और डॉ. नीलम गोऱ्हे को विधान परिषद भेजा है।
  • राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से जीशान सिद्दीकी MLC होंगे।

महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) की 9 सीटों के लिए 12 मई 2026 को चुनाव होने हैं और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख आज यानी 30 अप्रैल है। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवारों ने आज मुंबई स्थित विधान भवन में अपने नॉमिनेशन पेपर्स दाखिल किए। इन प्रत्याशियों में सुनील कर्जतकर, माधवी नाईक, संजय भेंडे, विवेक कोल्हे, प्रज्ञा सातव और प्रमोद जठार शामिल हैं। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे और सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री आशीष शेलार समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।

बात करें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना (SS) की, तो पार्टी ने विधान परिषद की उपाध्यक्ष डॉ. नीलम गोऱ्हे और बच्चू कडु को अपना उम्मीदवार बनाया है। डॉ. नीलम गोऱ्हे 2002 से महाराष्ट्र विधान परिषद की सदस्य हैं और 2020 से विधान परिषद की उपाध्यक्ष भी हैं। उनके अलावा बच्चू कडु महाराष्ट्र की अचलपूर विधानसभा सीट से 2004-2024 तक विधायक और राज्य सरकार में मंत्री रहे हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने जीशान सिद्दीकी को अपना प्रत्याशी बनाया है। जीशान 2019 से 2024 तक वांद्रे पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। वो 2024 का विधानसभा चुनाव शिवसेना-उद्धव बाळासाहेब ठाकरे (SS-UBT) के वरूण सरदेसाई से हार गए थे।

अंत में बात करें SS-UBT की, तो पार्टी ने अंबादास दानवे को अपना उम्मीदवार बनाया है। दानवे इससे पहले 2019 से 2025 तक विधान परिषद के सदस्य और विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने अपना कोई कैंडिडेट नहीं उतारा है और पार्टी दानवे को अपना समर्थन देगी। परिषद से इस साल रिटायर होने वाले नेताओं की बात करें, तो इनमें उद्धव ठाकरे, शशिकांत शिंदे, अमोल मिटकरी, रणजीतसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश राठौड़, दादाराव केचे, डॉ. नीलम गोऱ्हे, संदीप जोशी और संजय केणेकर/केनेकर शामिल हैं। नामांकन करने वाले नेताओं की जीत लगभग तय ही है, क्योंकि इनके विरोध में कोई और प्रत्याशी नहीं है।

रिलेटेड टॉपिक्स