लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में बड़ा हादसा, भगदड़ में 7 लोगों की मौत, 10 से अधिक घायल

हादसे की जानकारी देते हुए लखीसराय के जिला मजिस्ट्रेट (DM) शैलेंद्र कुमार ने कहा, "श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें रूकी हुई थीं। अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। यह खंभा पुरूषों की लाइन के दाईं ओर था। खंभा गिरने पर अफवाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का तार गिर गया है, लेकिन वह केबल वायर था। इससे बाईं ओर महिलाओं की लाइन पर दबाव बन गया। इस वजह से महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं।"

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में बड़ा हादसा, भगदड़ में 7 लोगों की मौत, 10 से अधिक घायल

घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया।

Share:

Highlights

  • घटना के बाद पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
  • बिहार के मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष समेत कई नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुःख जताया है।
  • राज्य सरकार की ओर से सभी मृतकों के निकटतम परिजनों को 4 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

बिहार से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लखीसराय जिले के अशोक धाम मंदिर के बाहर भगदड़ मच गई। इस दुःखद घटना में सात लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। घटना के बाद अधिकारी और पुलिस टीमें मौके पर पहुँचीं और बचाव कार्य शुरू किया, वहीं घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया।

हादसे की जानकारी देते हुए लखीसराय के जिला मजिस्ट्रेट (DM) शैलेंद्र कुमार ने कहा, "श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें रूकी हुई थीं। अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। यह खंभा पुरूषों की लाइन के दाईं ओर था। खंभा गिरने पर अफवाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का तार गिर गया है, लेकिन वह केबल वायर था। इससे बाईं ओर महिलाओं की लाइन पर दबाव बन गया। इस वजह से, महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। पुलिस प्रशासन सुबह 3 बजे से ही वहां गश्त कर रहा था। यह सब अचानक 2 मिनट के अंदर हुआ। मरने वाली सभी महिलाएँ हैं। हम मरने वालों की सही संख्या का पता लगा रहे हैं।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। X पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने घोषणा की कि, "लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।"

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, "सावन के तीसरे सोमवार पर बिहार के लखीसराय जिले के अशोक धाम (इंद्र दमनेश्वर महादेव मंदिर) में जलाभिषेक के दौरान बिजली का तार गिरने से फैले करंट, मची अफरा तफरी और भगदड़ से हुए दुखद हादसे में अनेक श्रद्धालुओं के घायल होने व 7 की असामयिक मृत्यु के समाचार से मर्माहत हूँ। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उचित सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन नहीं होना एनडीए सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था का परिचायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं तथा मृतकों को श्रद्धांजलि! ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।"

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular