संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रूबियो अपने 4-दिवसीय दौरे पर आज भारत पहुंच चुके हैं। ये उनका पहला भारत दौरा है। रूबियो के भारत पहुंचने पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अपने मित्र मार्को रूबियो का भारत में स्वागत करते हुए मुझे गर्व महसूस हो रहा है! हमारे सामने एक महत्वाकांक्षी एजेंडा है, जिसमें QUAD विदेश मंत्रियों की बैठक भी शामिल है। इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपति ट्रंप के उस विजन को आगे बढ़ाना है, जिसके तहत अमेरिका और भारत के बीच साझेदारी को और भी अधिक मजबूत बनाया जा सके। मैं बेहतरीन बातचीत और साथ मिलकर वास्तविक प्रगति करने के लिए उत्सुक हूँ!"
उनके मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में ट्रेड, टेक्नोलॉजी, रक्षा, QUAD और कई अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी और उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा! सर्वप्रथम वो पश्चिम बंगाल के कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मदर टेरेसा हाउस और निर्मला शिशु भवन का दौरा किया। इसकी कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "मदर टेरेसा ने करूणा और सेवा की एक विशाल विरासत छोड़ी है। आज मुझे मिशनरीज ऑफ चैरिटी जाकर उनकी विरासत को श्रद्धांजलि देने और कैथोलिक आस्था का जीता-जागता उदाहरण देखना मेरे लिए सम्मान की बात थी।"
इसके बाद वो दिल्ली पहुंचे, जहां विदेश मंत्रालय के अमेरिका प्रभाग के अतिरिक्त सचिव के. नागराज नायडू ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनके आगमन पर X पर एक पोस्ट में लिखा, "उनकी यात्रा भारत-अमेरिका कॉम्प्रिहेंसिव ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।" एक और दिलचस्प बात ये भी रही कि दिल्ली एयरपोर्ट पर रूबियो का स्वागत करने के लिए कोई भी राजनेता या मंत्री मौजूद नहीं था। बाद में वो सेवा तीर्थ पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक मीटिंग की। जानकारी के मुताबिक, ये मीटिंग एक घंटे से भी अधिक समय तक चली।
इस मीटिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर ट्वीट किया कि, "हमने भारत-अमेरिका कॉम्प्रिहेंसिव ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप में निरंतर प्रगति, तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।" सर्जियो गोर ने भी X पर जानकारी दी कि मार्को रूबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का भी न्योता दिया है।
अमेरिकी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रूबियो कल भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बातचीत करेंगे और दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे। सोमवार को वो आगरा और जयपुर का दौरा करने वाले हैं, जिसके बाद वे मंगलवार को नई दिल्ली लौटेंगे। यहां वो QUAD देशों के विदेश मंत्रियों की मीटिंग में शामिल होंगे, जिसकी मेजबानी भारत कर रहा है। रूबियो के अलावा, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी भी डॉ. जयशंकर के निमंत्रण पर इस मीटिंग में हिस्सा लेंगे।