म्यूजिक और क्रिकेट फैन्स के लिए एक खुशखबर सामने आई है। भारत के मशहूर म्यूजिक कंपोजर और प्लेबैक सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रैंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की चीफ एग्जीक्यूटिव काव्या मारन जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, यह कपल 11 नवंबर को ग्रीस में शादी कर सकता है। वेडिंग रिसेप्शन के लिए कई नेताओं को आमंत्रित भी किया गया है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने X पर एक पोस्ट में बताया, "सन ग्रुप के चेयरमैन श्री कलानिधि मारन और उनकी पत्नी श्रीमती कावेरी मारन ने जुबली हिल्स स्थित आवास पर माननीय मुख्यमंत्री श्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की और उन्हें अपनी बेटी काव्या मारन के वेडिंग रिसेप्शन में आमंत्रित किया। काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर का वेडिंग रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।"
इतना ही नहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और कैबिनेट मंत्री एन. लोकेश, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार तथा भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव को भी निमंत्रण दिया गया है। इनके अलावा भी कई बड़े और नामी चेहरों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अनिरुद्ध की बात करें तो, उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट गाने कंपोज कर चुके हैं। इनमें तमिल फिल्म '3' का गाना "व्हाई दिस कोलावेरी डी", फिल्म 'बीस्ट' का "अरेबिक कुथु", 'मास्टर' का "वाथी कमिंग", 'जेलर' का "हुकुम - थलाइवर अलाप्पारा" और फिल्म 'कुली' का "मोनिका" जैसे लोकप्रिय गाने शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ, काव्या मारन एक जानी-मानी बिजनेसवुमन हैं और क्रिकेट स्टेडियम में अपनी टीम SRH को चीयर करते हुए हमेशा कैमरे की नजरों में बनी रहती हैं।
ये दोनों ही जाने-माने परिवारों से आते हैं। अनिरुद्ध के पिता, रवि राघवेन्द्र, एक अभिनेता हैं जिन्होंने तमिल फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया है। अनिरुद्ध सुपरस्टार रजनीकांत और लता रजनीकांत के भतीजे भी हैं। वहीं, काव्या के पिता कलानिधि, सन ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन हैं। उनके चाचा, दयानिधि मारन, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) से लोकसभा सांसद हैं और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। उनके दादा, मुरासोली मारन, लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य थे और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं। काव्या तमिलनाडु के करुणानिधि परिवार से भी जुड़ी हुई हैं।