असम की राजनीति से अहम खबर सामने आई है। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने भारत के संविधान के आर्टिकल 164 के क्लॉज़ (1) के तहत डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। इसके साथ ही असम में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) सरकार बनने जा रही है। साथ ही डॉ. सरमा भी लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को सुबह 11.40 बजे खानपारा के वेटरनेरी कॉलेज फील्ड में आयोजित किया गया है। BJP-NDA के विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद, उन्होंने गठबंधन के नेताओं के साथ लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की और औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया।
BJP विधायक दल और NDA विधायक दल के नवनिर्वाचित नेता डॉ. सरमा ने कहा, "12 मई को, NDA मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शपथ लेगी। मैं असम की जनता से अनुरोध करता हूँ कि वे भविष्य में भी हमें अपना आशीर्वाद देते रहें। हमारा लक्ष्य असम को आगे ले जाना और इसे देश के सबसे विकसित राज्यों में से एक बनाना है। मैं असम BJP के अध्यक्ष दिलीप सैकिया के प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूँ।" सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से अटकलें लगाई जा रहीं थीं कि वो मुख्यमंत्री के तौर पर वापस नहीं आएंगे। हालांकि अब तस्वीर पूरी तरह से साफ हो चुकी है। NDA के घटक दल असम गण परिषद (AGP) की ओर से अध्यक्ष अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) की ओर से रिहोन दैमारी भी राज्यपाल से मिले और अपना समर्थन पत्र सौंपा।
2026 के विधानसभा चुनावों में BJP ने 82 सीटें जीतीं, जो पिछली बार से 22 ज्यादा थी। उनके अलावा AGP और BPF ने 10-10 सीटों पर विजय हासिल की थी। इस तरह NDA ने 126 में से 102 प्राप्त की तथा जीत की हैट्रिक लगाई। वहीं इस बार कांग्रेस सिर्फ 19 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। अन्य दलों में रायजोर दल (RD) और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) ने 2-2 सीटें हासिल की। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खाते में 1 सीट गई।
इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, सभी NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कुछ केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। सीएम-इलेक्ट डॉ. सरमा ने आज खानापारा में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जहां असम NDA सरकार कल शपथ लेने वाली है। शपथ ग्रहण समारोह से पहले पत्रकारों से बात करते हुए सरमा ने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादों पर केंद्रित होगी। उन्होंने कहा, "शपथ लेने के बाद हम पहली कैबिनेट बैठक करेंगे। हमारा लक्ष्य अपने मैनिफेस्टो को लागू करना होगा।"