असम में सुबह 8 बजे से मतों की गिनती जारी है और ताजा रूझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) अकेले ही 82 सीटों पर आगे चल रही है। असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं और बहुमत के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 64 सीटों की जरूरत होती है और जाहिर है कि BJP के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) ने जीत की हैट्रिक लगाई है। BJP के सहयोगी दलों में असम गण परिषद (AGP) 9 सीटों पर आगे है। वहीं NDA का एक और घटक दल बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) 10 सीटों पर आगे है और मजबत सीट पर जीत भी हासिल कर चुकी है। वहीं प्रमुख विपक्षी पार्टी में कांग्रेस फिलहाल 19 सीटों पर आगे है। कांग्रेस की साथी पार्टी रायजोर दल (RD) 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अन्य दलों में बदरूद्दीन अजमल की ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) भी 2 सीटों पर आगे है।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा इस समय जलुकबाड़ी सीट से 80,235 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस से BJP में आए प्रद्युत बोरदोलोई दिसपुर सीट से 49,667 वोटों से आगे चल रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, धेमाजी विधानसभा क्षेत्र से BJP के डॉ. रानोज पेगु 32,229 वोटों से चुनाव जीत चुके हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस पार्टी से सीएम फेस माने जा रहे सांसद गौरव गोगोई भी हार चुके हैं। गौरव को जोरहाट सीट से BJP के हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने 23,182 वोटों के कम्फर्टेबल मार्जिन से हरा दिया। सिसिबोरगांव से BJP प्रत्याशी जीबन गोगोई भी विजयी हो चुके हैं। इसी पार्टी के अन्य चर्चित चेहरों में भवानीपुर-सरभोग से रणजीत कुमार दास, रंगिया से भाबेश कलिता, दुलियाजान से रामेश्वर तेली, नलबाड़ी से जयंत मल्ल बरूआ और टिहु से चंद्र मोहन पटवारी आगे हैं, वहीं जागीरोड से पीयूष हजारिका जीत हासिल कर चुके हैं और बिहपुरिया से भूपेन कुमार बोरा भी पर्याप्त मार्जिन से आगे चल रहे हैं।
बात करें कांग्रेस की, तो पार्टी के कई नेताओं का प्रदर्शन इस बार अच्छा नहीं रहा। असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया नाजिरा सीट पर BJP के मयूर बोरगोहेन से 39,860 वोटों से पीछे चल रहे हैं। सैकिया 2011 से इस सीट से विधायक रहे हैं। उनसे पूर्व उनके पिता और असम के पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया भी इस विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। अभयपुरी सीट से कांग्रेस के प्रदीप सरकार भी 53,107 मतों से पीछे चल रहे हैं। बरछला सीट से असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा भी 11,406 वोटों से पीछे चल रहे हैं। हाफलोंग सीट से कांग्रेस की नंदिता गार्लोसा भी पीछे चल रही हैं। कुछ समय पहले ही वो BJP छोड़कर कांग्रेस में आईं थीं। इस सीट पर BJP की रूपाली लंगथासा 41,209 वोटों से आगे हैं।