मेडिकल छात्रों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट-अंडरग्रेजुएट (NEET-UG) की री-एक्जाम की तारीख का ऐलान कर दिया है। इससे पहले, 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के चलते रद्द कर दिया गया था। ताजा खबरों के अनुसार, यह री-एक्जाम रविवार, 21 जून को भारत में आयोजित की जाएगी।
NTA ने अपने X अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से NEET-UG 2026 की री-एग्जामिनेशन रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।"
NTA ने एक ईमेल और कुछ हेल्पलाइन नंबर्स भी जारी किए हैं। उनके द्वारा जारी किया गया ईमेल neet-ug@nta.ac.in और हेल्पलाइन नंबर्स 011-40759000 और 011-69227700 हैं। जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टीगेशन (CBI) ने NEET-UG परीक्षा के पेपर लीक मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की पहचान नाशिक से शुभम खैरनार, गुरूग्राम से यश यादव, जयपुर से मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल, अहिल्यानगर से धनंजय लोखंडे और पुणे से मनीषा वाघमारे के रूप में हुई है।
भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी आज एक प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने बताया कि "7 मई को NTA को एक शिकायत मिली कि गेस पेपर में कुछ ऐसे सवाल थे जो इस बार के क्वेश्चन पेपर में भी मौजूद थे। उच्च शिक्षा विभाग ने तुरंत जांच शुरू की और इसे एक सरकारी एजेंसी को सौंप दिया। उन्होंने राज्य एजेंसियों से संपर्क किया और 12 मई तक हमें यह पक्का हो गया कि गेस पेपर की आड़ में, एग्जाम के सवाल सचमुच लीक हो गए थे।"
शिक्षा मंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अगले साल से NEET की परीक्षा ऑनलाइन होगी। अगले साल से OMR शीट को हटाया जाएगा। प्रधान ने कहा कि कंप्यूटर बेस्ड एक्जाम्स काफी हद तक फूलप्रूफ होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जो परीक्षा पहले ही हो चुकी है, उसके लिए छात्रों की फीस वापस कर दी जाएगी। हम इस वादे के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। जो परीक्षा अब आगे होने वाली है, उसके लिए फीस बिल्कुल भी नहीं ली जाएगी। हम चाहते हैं कि छात्रों पर किसी भी तरह का कोई आर्थिक बोझ न पड़े।