कर्नाटक के लिए आज दिन काफी ऐतिहासिक होने जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और ट्रबलशूटर कहे जाने वाले डी.के. शिवकुमार आज प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। ये शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरू के लोक भवन में स्थित ग्लास हाउस में शाम 4.05 बजे होगा। कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उन से पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाल रहे सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद शिवकुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया। स्वयं सिद्धारमैया ने शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा और कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने इसका समर्थन किया।
खबरों की मानें तो डी. के. शिवकुमार के साथ करीब 8 से 10 मंत्रियों के शपथ लेने की भी संभावना है। बताया जा रहा है कि कैबिनेट का बाकी विस्तार 18 जून के बाद, राज्यसभा चुनावों के समापन के बाद होने की संभावना है। संभावित मंत्रियों में डॉ. जी. परमेश्वर, रामलिंग रेड्डी, के. जे. जॉर्ज, प्रियांक खरगे, के. एच. मुनियप्पा, के. बी. गौड़ा, यू. टी. खादर, एम. बी. पाटिल, सतीश जारकीहोली और डॉ. यतीन्द्र सिद्धारमैया जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। लोकसभा सांसद राहुल गांधी भी इस शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उनके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, AICC के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र को, जहां से डी. के. शिवकुमार लंबे समय से विधायक हैं, उन्हें बधाई देने वाले पोस्टरों और बैनरों से सजाया गया है। इसके अलावा लोक भवन के बाहर भी पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले, कनकपुरा के श्री केनकेरम्मा मंदिर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। कलबुर्गी के श्री शरणबसवेश्वर मंदिर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशेष पूजा-अर्चना की, 101 नारियल फोड़े और जश्न के तौर पर मिठाइयां बांटीं।