नवरात्रि की नवमी पर राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शुभकामनाएं, मुख्यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने किया कन्या पूजन

मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज नवमी है। इस दिन, मां 'सिद्धिदात्री' के रूप में प्रकट होकर अपना आशीर्वाद प्रदान करती हैं। आज कन्या भोज का भी अवसर है, जिसमें छोटी बच्चियों को भोजन कराया जाता है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी अपने-अपने आवास पर कन्या पूजन किया।

नवरात्रि की नवमी पर राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शुभकामनाएं, मुख्यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने किया कन्या पूजन

योगी आदित्यनाथ ने कन्या पूजन को सनातन धर्म में महिलाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।

Share:

Highlights

  • राष्ट्रपति मुर्मू ने दुर्गा पूजा को भारत की आध्यात्मिक चेतना और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक बताया।
  • केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों के सम्मान और समान व्यवहार की अपील की है।
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया।

भारत में इन दिनों नवरात्रि का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालु माता का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिरों में उमड़ रहे हैं। चारों ओर डांडिया और गरबा की धूम है और युवाओं का उत्साह देखते ही बनता है। आज कुछ स्थानों पर महाअष्टमी तो कहीं पर महानवमी का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्गा पूजा के अवसर पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। 

X पर साझा किए गए एक संदेश में उन्होंने कहा, "दुर्गा पूजा के अत्यंत पावन अवसर पर मैं देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।" उन्होंने आगे लिखा कि दुर्गा पूजा का महापर्व भारत की समृद्ध आध्यात्मिक चेतना को अभिव्यक्त करता है। मां दुर्गा द्वारा महिषासुर का मर्दन, विनाशकारी प्रवृत्तियों पर दैवी शक्तियों के विजय का प्रेरक आदर्श है। मां दुर्गा की स्तुति, कल्याणकारी बुद्धि प्रदान करने वाली देवी के रूप में की जाती है। 

दुर्गा पूजा भारत के लोकमानस को जोड़ती है। दुर्गा पूजा से जुड़े उत्सवों में हमारी संस्कृति, सभ्यता, कला और जीवनशैली के सुंदर स्वरूप दिखाई देते हैं। दुर्गा पूजा में नारी शक्ति वंदन की हमारी प्राचीन परंपरा का आदर्श परिलक्षित होता है। नारी शक्ति के प्रति सम्मान के इस आदर्श को व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन के प्रत्येक आयाम में कार्यरूप देकर हम मां दुर्गा के प्रति सच्ची आस्था व्यक्त कर सकते हैं। अंत में राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा कि, "मां दुर्गा के आशीर्वाद से, सभी देशवासियों के जीवन में सुख और समृद्धि का संचार होता रहे तथा हमारा देश प्रगति के पथ पर निरंतर तेज गति से आगे बढ़ता रहे।"

आज कई नेताओं ने अपने-अपने आवास पर कन्या भोज का आयोजन किया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने घर पर कन्या भोज का आयोजन किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज नवमी है। इस दिन, मां 'सिद्धिदात्री' के रूप में प्रकट होकर अपना आशीर्वाद प्रदान करती हैं। आज कन्या भोज का भी अवसर है, जिसमें छोटी बच्चियों को भोजन कराया जाता है। 

हम छोटी बच्चियों को मां का ही रूप मानकर उन्हें भोजन कराते हैं। यह केवल एक रस्म नहीं है, बल्कि एक गहरे सांस्कृतिक मूल्य को दर्शाती है। मैं समाज से अपील करता हूँ कि एक संकल्प लें। हर बेटी में मां को देखें, उनके साथ पूरा सम्मान और आदर का व्यवहार करें और यह सुनिश्चित करें कि उनकी गरिमा पर कभी कोई आंच न आए। हमें बेटों और बेटियों को भी समान मानना ​​चाहिए और उनके बीच कोई भेदभाव नहीं करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के नौवें दिन गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया। उन्होंने इस अनुष्ठान को सनातन धर्म में महिलाओं और नारी शक्ति के प्रति सर्वोच्च सम्मान का प्रतीक बताया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी अपने-अपने आवास पर कन्या पूजन किया। 

रिलेटेड टॉपिक्स