इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरूआत से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसनें टीम के समर्थकों के बीच हलचल मचा दी है। SRH के नियमित कप्तान और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर पैट कमिंस चोट के कारण प्रतियोगिता के शुरूआती कुछ मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में फ्रैंचाइजी ने एक अहम फैसला लेते हुए भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी है। कमिंस का चोटिल होना SRH के लिए जरूर एक झटका है, लेकिन इसने IPL इतिहास में एक नया पन्ना भी जोड़ दिया है। IPL के 19 सालों के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, कि टूर्नामेंट की सभी 10 टीमों के कप्तान भारतीय होंगे।
इससे पहले कम से कम एक या दो विदेशी खिलाड़ी कप्तानी करते हुए नजर आते थे, लेकिन कमिंस के बाहर होने के बाद अब सभी फ्रैंचाइजी की बागडोर भारतीय हाथों में हैं। ईशान किशन को SRH की कप्तानी सौंपने के पीछे 2-3 प्रमुख वजहें मानी जा रही हैं। सबसे पहले तो उनकी ही कप्तानी में झारखंड क्रिकेट टीम ने पहली बार दिसंबर 2025 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया था। उस प्रतियोगिता में किशन 517 रनों के साथ हाईएस्ट रन स्कोरर भी रहे। इसके अलावा अभी हाल ही में संपन्न हुए टी-20 विश्व कप 2026 में भी उन्होंने भारत को फिर से विजेता बनाने में अहम योगदान दिया था। हैदराबाद की टीम को उम्मीद है कि किशन की आक्रामक बल्लेबाजी और कुशल कप्तानी उन्हें अच्छी शुरूआत दिलाएगी।
ईशान किशन के साथ युवा भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का कद भी टीम में बढ़ा है। उन्हें हैदराबाद का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। टी-20 विश्व कप 2026 की विजयी टीम के इस सदस्य का इस टूर्नामेंट के अधिकतर मैचों में प्रदर्शन औसत ही रहा, लेकिन फाइनल में उनके बल्ले से 21 गेंदों में 52 रनों की एक जोरदार पारी निकली थी। जब तक पैट कमिंस अपनी चोट से नहीं उबरते, तब तक ये युवा जोड़ी ही टीम की नैया को पार लगाएगी। हालांकि SRH के फैंस के लिए एक राहत की बात जरूर है कि कमिंस पूरे सीजन के लिए बाहर नहीं हुए हैं और टूर्नामेंट के बीच में अपनी टीम के साथ जुड़ जाएंगे। हालांकि तब तक किशन को IPL में कप्तान के तौर पर अपने आप को साबित करने का एक सुनहरा मौका है। SRH 2026 सीजन की शुरूआती रात को अपना पहला मैच खेलेगी, जब शनिवार, 28 मार्च को बेंगलुरू में उसका मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) से होगा।