प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। आज उन्होंने मेलबर्न में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। 'मेलबर्न मीट्स मोदी' नाम के कार्यक्रम में 30 हजार लोग शामिल हुए। अपने संबोधन की शुरुआत में, प्रधानमंत्री मोदी ने अंग्रेजी में उस जमीन के पारंपरिक मालिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने उत्साहपूर्वक कहा कि यह कार्यक्रम 'हाउसफुल' और 'ब्लॉकबस्टर' रहा। वहाँ मौजूद भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मैं आप सभी से पहले सिडनी में दो बार मिल चुका हूँ। मैं मेलबर्न के लोगों से मिलने का भी बेसब्री से इंतजार कर रहा था। इसलिए, इस बार मैंने सोचा कि आज मैं मेलबर्न के लोगों के साथ फ्लैट व्हाइट कॉफी पीता हूँ।"
उन्होंने बड़े ही जोशीले अंदाज में कहा कि आज मेलबर्न ने मैदान मार लिया है। उनके यह कहते ही माहौल शोर से गूंज उठा। उन्होंने अपने दोस्त, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज का भी आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अल्बानीज सिडनी में उनके साथ थे और अब मेलबर्न में भी भारतीय समुदाय के बीच उनके साथ शामिल हुए हैं और ये एक प्रकार से फुल सर्कल हो गया है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम वाले शहर अहमदाबाद से लेकर मशहूर स्टेडियम वाले मेलबर्न तक, हम दोनों जगहों पर साथ रहे हैं। हम सबने देखा है कि जब भी प्रधानमंत्री अल्बानीज बोलते हैं, तो वे भारतीयों का दिल और दिमाग में छा जाते हैं। सिडनी में भी आपने धूम मचाई थी और यहां भी आप छा गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब उन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, तो वह 28 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला दौरा था। उन्होंने कहा, "आपको याद होगा कि मैंने तब कहा था कि आपको अगले 28 सालों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पिछले 12 सालों में यह मेरा तीसरा दौरा है, यानी इस बार हैट्रिक लगी है। यह दिखाता है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते कितनी ऊँचाइयों पर पहुँच गए हैं।"
अपने भाषण में उन्होंने 'भजन क्लबिंग' का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी Gen Z ही इस ट्रेंड को आगे बढ़ा रही है। यहाँ ऑस्ट्रेलिया में भी, मैंने सुना है कि आपके वीकेंड आस्था और आध्यात्म से भरे होते हैं। चाहे किसी के घर पर भगवान सत्यनारायण की कथा हो, गुरूद्वारे में अरदास हो, बच्चों का भांगड़ा या भरतनाट्यम का प्रदर्शन हो, या फिर कोई क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा हो, यहाँ हमेशा कुछ न कुछ होता रहता है। अब, यहाँ इंडियन फिल्म फेस्टिवल भी आ गया है। यह कुछ ही दिनों में मेलबर्न में शुरू होने वाला है। मैं इसके सफल आयोजन के लिए पहले से ही अपनी शुभकामनाएँ देता हूँ।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब अंतरिक्ष में अपना 'गगनयान' मिशन लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है और अपना खुद का स्पेस स्टेशन बनाने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा 5G मार्केट है। इसके अलावा, देश 'मेड इन इंडिया' 6G टेक्नोलॉजी पर तेजी से काम कर रहा है। पिछले 12 सालों में भारत का मेट्रो नेटवर्क दो दर्जन से अधिक शहरों तक फैल गया है। आज भारत में रोजाना 1.25 करोड़ से अधिक लोग मेट्रो से सफर करते हैं। भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है। हम भारत में 'नमो भारत रैपिड रेल' और 'वंदे भारत' जैसे सेमी-हाई-स्पीड नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रहे हैं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, "आज दुनिया भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म्स की केपेबिलिटी और क्रेडिबिलिटी को देख रही है। आपने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इसका डेमो तो देख ही लिया होगा। धमाके तो आतंकियों के अड्डों पर हो रहे थे, लेकिन उनकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी।