2027 के चुनावों के मद्देनजर, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के चुनाव संबंधी समितियों में नई नियुक्तियां की गई हैं। हालांकि, तब से हालात कुछ ठीक नहीं लग रहे हैं। पहले मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी पोस्ट किया और अब पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से मौजूदा सांसद डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी भी नाराज दिख रहे हैं।
दरअसल कांग्रेस हाईकमान ने लुधियाना से लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में बरकरार रखा है, जिसके चलते कुछ नेताओं में असंतोष पैदा हो गया है। नाराज पार्टी नेता आज डॉ. चन्नी के घर पहुंचे। दरअसल चन्नी ने पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों के बाद एक बैठक बुलाई थी।
मीडिया से बातचीत में, कांग्रेस नेता और अटारी के पूर्व विधायक तरसेम सिंह डी. सी. ने दावा किया कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में कांग्रेस पंजाब में सरकार नहीं बना सकती। जनता चाहती है कि राजा वडिंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया जाए और चरणजीत सिंह चन्नी को अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए। उनका कहना है कि हर किसी की जुबान पर चन्नी का ही नाम है।
एक और नेता, हरमिंदर सिंह गिल ने भी कहा कि पंजाब में आने वाले दिनों में चुनाव होने वाले हैं। उन चुनावों में जनता चन्नी को नंबर वन पर देखना चाहती है। मैं राजा वडिंग पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन लोग चन्नी को पहले नंबर पर देखना चाहते हैं। हम चाहते है कि उन्हें उचित सम्मान मिले।
चन्नी के आवास पर हुई बैठक में तरसेम सिंह और हरमिंदर सिंह गिल के अलावा पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी, भारत भूषण आशु, मदन लाल जलालपुर, मोहम्मद सादिक, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, गुरप्रीत सिंह कांगड़, राणा गुरजीत सिंह, गुरकीरत सिंह कोटली, दर्शन सिंह बराड़, लखवीर सिंह लाखा, अंगद सिंह सैनी, कुशलदीप सिंह 'किक्की' ढिल्लों, देविंदर घुबाया, जोगिंदर पाल और इंदरबीर सिंह बोलारिया भी शामिल हुए।
एक और दिलचस्प घटनाक्रम में, पंजाब के गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इससे कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।
हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा, "मै मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री के साथ मेरी मुलाकात को दिए जा रहे राजनीतिक रंग का खंडन करता हूं। यह बैठक पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति के संबंध में मेरे द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पहले से तय थी।"