राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, नॉर्थ मैसेडोनिया और रोमानिया के दौरे पर हैं। वह अपने दौरे के पहले चरण में आज मोल्दोवा पहुँचीं। चिसिनाउ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुँचने पर मोल्दोवा के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मिहाई पॉपसोई ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली यात्रा है।
राष्ट्रपति माया सैंडू ने भी चिसिनाउ में राष्ट्रपति भवन में उनका बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। वहाँ राष्ट्रपति मुर्मू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा गणराज्य की यह पहली राजकीय यात्रा एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती और आपसी भरोसे को दर्शाती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। दोनों ने मीडिया को संयुक्त प्रेस स्टेटमेंट भी दिए। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मुझे मोल्दोवा की इस राजकीय यात्रा पर आकर बहुत खुशी हो रही है। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और यह हमारे दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती और आपसी भरोसे को दर्शाता है।
भारत और मोल्दोवा के बीच तीन दशकों से मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। भौगोलिक रूप से दूर होने के बावजूद, शांति, विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता के अनुरूप हमारी साझेदारी लगातार बढ़ रही है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि इंटरनेशनल सोलर अलायंस के तहत भारत और मोल्दोवा के बीच सहयोग जारी है। मैं चाहूंगी कि मोल्दोवा 'कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर' और 'ग्लोबल बायोफ्यूल्स अलायंस' में शामिल होने की पहल भी करे। राष्ट्रपति माया सैंडू और मैंने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। हमने शांति, बातचीत और अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। इस प्रेस मीट के बाद राष्ट्रपति मुर्मू भारत-मोल्दोवा बिजनेस फोरम में भी शामिल हुईं।
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, नॉर्थ मैसेडोनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के निमंत्रण पर, राष्ट्रपति मुर्मू 21 से 22 जुलाई को नॉर्थ मैसेडोनिया का दौरा करेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति का नॉर्थ मैसेडोनिया का पहला दौरा होगा।
राष्ट्रपति मुर्मू, गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगी, प्रधानमंत्री क्रिस्टिजन मिकोस्की और असेंबली के अध्यक्ष से मिलेंगी और नॉर्थ मैसेडोनिया की असेंबली को संबोधित भी करेंगी। वह भारत-नॉर्थ मैसेडोनिया बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगी। दोनों पक्षों की कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, IT और ITES जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक संबंधों को गहरा करने में गहरी रुचि है।
इसके बाद रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन के निमंत्रण पर, राष्ट्रपति मुर्मू 23 से 25 जुलाई तक रोमानिया का दौरा भी करेंगी। तीन दशकों से अधिक समय के बाद भारत के राष्ट्रपति का यह पहला दौरा होगा। इस दौरे के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू निकुसोर डैन, अंतरिम प्रधानमंत्री इली बोलोजान, सीनेट के अध्यक्ष मिर्सिया अब्रुडियन और चैंबर ऑफ डेप्युटीज के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंडियानु के साथ-साथ रोमानिया-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मिलेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। रोमानिया यूरोपीय संघ में एक महत्वपूर्ण भागीदार है और भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते के पूरा होने के साथ, आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी और मजबूत होगी।