उत्तर प्रदेश के हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत कुछ अन्य लोग भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जनता को संबोधित भी किया।

उत्तर प्रदेश के हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

गंगा एक्सप्रेसवे के कारण मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हो जाएगा।

Share:

Highlights

  • गंगा एक्सप्रेसवे करीब 594 किलोमीटर लंबा, 6-लेन, एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है।
  • इस एक्सप्रेसवे को लगभग 36,230 करोड़ रूपए की लागत से बनाया गया है।
  • इसके बेहतर उपयोग के लिए फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कर, इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा।

उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक बहुत खास खबर सामने आई है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर दिया है। ये 594 किलोमीटर लंबा, 6-लेन, एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जिसे लगभग 36,230 करोड़ रूपए की लागत से बनाया गया है। गंगा एक्सप्रेसवे के कारण मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हो जाएगा। मेरठ से प्रयागराज पहुंचने के लिए पहले 10 से 12 घंटे लगते थे, वहीं अब ये समय घटकर 6 घंटे हो जाएगा। उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत कुछ अन्य लोग भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जनता को संबोधित भी किया।

उन्होंने अपने भाषण में गुजरात लोकल बॉडी इलेक्शंस का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, "अभी कल ही गुजरात के महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत और तहसील पंचायत चुनावों के नतीजे घोषित किए गए और BJP ने 80 से 85% नगर पालिकाओं और पंचायतों में जीत हासिल की है।" उन्होंने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों का भी उल्लेख करते हुए कहा, "बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान चल रहा है और जो खबरें सामने आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही, जनता बड़ी संख्या में अपना वोट डालने के लिए घरों से बाहर निकल रही है। लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुईं हैं। पिछले छह या सात दशकों में कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, वैसे निर्भीक वातावरण में, बंगाल में इस बार वोटिंग हो रही है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि मैं दिसंबर 2021 में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास करने शाहजहांपुर आया था। अभी 5 साल से भी कम समय हुआ है और देश का सबसे लंबा ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने बताया कि इसके विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री ने कहा, "जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा। इसके और बेहतर उपयोग के लिए फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कर, इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। ये है डबल इंजन सरकार का विजन और BJP सरकार के काम करने की स्पीड।"

अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने समाजवादी पार्टी (SP) पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि SP उत्तर प्रदेश की प्रगति से खुश नहीं है। वो एक बार फिर उत्तर प्रदेश को पुराने दिनों में धकेलना चाहते हैं। वो एक बार फिर समाज को बांटना और तोड़ना चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि SP विकास विरोधी और नारी विरोधी भी है। उन्होंने आगे कहा, "अभी बीते दिनों, देश ने एक बार फिर SP और कांग्रेस जैसी पार्टियों का असली चेहरा देखा है। केंद्र की NDA सरकार संसद में 'नारी शक्ति वंदन संशोधन' लेकर आई। अगर यह संशोधन पास हो जाता, तो 2029 के चुनावों से ही महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में आरक्षण मिल जाता।"

उन्होंने आगे बताया, "बड़ी संख्या में हमारी माताएँ और बहनें सांसद और विधायक बनकर दिल्ली और लखनऊ पहुँचतीं, और वह भी किसी और वर्ग की सीटें कम हुए बिना। लेकिन SP ने इस संशोधन के खिलाफ वोट किया। हमने संसद में साफ-साफ कहा था कि सभी राज्यों की सीटें एक ही अनुपात में बढ़ेंगी। लेकिन DMK जैसी पार्टियाँ, जो उत्तर प्रदेश को गाली देकर पॉलिटिक्स करती हैं, उन्होंने इस बात पर आपत्ति जताई कि उत्तर प्रदेश की सीटें बढ़ेंगी। समाजवादी पार्टी संसद में उन्हीं की बातों को दोहरा रही थी। SP के ये सदस्य, यहां से आपके वोट पाकर, संसद जाते हैं और उन लोगों के साथ खड़े होते हैं जो UP के लोगों को गाली देते हैं। SP कभी भी भाई-भतीजावाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ पाएगी।"

रिलेटेड टॉपिक्स