प्रधानमंत्री मोदी की 5 देशों की यात्रा UAE से शुरू, भारत के साथ रणनीतिक संबंधों को मिली मजबूती

UAE के अबू धाबी पहुंचने पर, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी की 5 देशों की यात्रा UAE से शुरू, भारत के साथ रणनीतिक संबंधों को मिली मजबूती

दोनों की उपस्थिति में आज वहां कई मेमोरेंडम्स ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoUs) पर भी हस्ताक्षर हुए।

Share:

Highlights

  • आज भारत और UAE के बीच स्ट्रेटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप के लिए एक फ्रेमवर्क पर भी एग्रीमेंट हुआ है।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्ट्रपति से बात करते हुए UAE पर हुए हमलों की कठोर निंदा की है।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने बताया की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फ्री, ओपन और सेफ बनाए रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से 5 देशों की यात्रा पर हैं, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली शामिल हैं। अगले 6 दिनों में, प्रधानमंत्री मोदी कई वर्ल्ड लीडर्स के साथ बातचीत करेंगे, जिसका उद्देश्य भारत की वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करना है। उनका पहला पड़ाव UAE रहा, जहाँ आज उन्होंने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। UAE के अबू धाबी पहुंचने पर, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। दोनों की उपस्थिति में आज वहां कई मेमोरेंडम्स ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoUs) पर भी हस्ताक्षर हुए।

इनमें स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व और गुजरात के वडीनार में शिप रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने जैसे MoUs शामिल हैं। इनके अलावा भारतीय भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर, रत्नाकर बैंक लिमिटेड (RBL) और सम्मान कैपिटल में 5 अरब US डॉलर के निवेश की घोषणा भी की गई है। भारत और UAE के बीच स्ट्रेटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप के लिए एक फ्रेमवर्क पर भी एग्रीमेंट हुआ है। आज प्रधानमंत्री मोदी और UAE के राष्ट्रपति के बीच प्रतिनिधिमंडल-स्तरीय वार्ता (Delegation-Level Talks) भी हुई, जिसमें उन्होंने कहा, "आत्मीय स्वागत के लिए मैं आपका हृदय से बहुत आभार व्यक्त करता हूँ। जैसा कि आपने कहा - मैं अपने दूसरे घर आया हूँ। ये शब्द ये भाव मेरे जीवन की बहुत बड़ी पूंजी है। आज आपकी वायुसेना के जहाजों ने एस्कॉर्ट किया। ये भारत के लोगों का सम्मान है।"

उन्होंने आगे कहा, "हम UAE पर हुए हमलों की कठोर निंदा करते हैं। जिस तरह से UAE को निशाना बनाया गया है, वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।  इन कठिन परिस्थितियों में आपने जिस संयम, साहस और बुद्धिमता का परिचय दिखाया है, ये सराहनीय है। राष्ट्र्रीय एकता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए आपके द्वारा उठाए गए कदमों का हम अभिनंदन करते हैं। इस कठिन समय में UAE में रहने वाले भारतीय समुदाय की चिंता करने और उनकी देखभाल के लिए, जिस तरह से आपने उनको अपने परिवार के सदस्य के रूप में संभाला है, उसके लिए मैं आपका, UAE सरकार और रॉयल फैमिली का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।"

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बातचीत में कहा, "पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध का प्रभाव आज पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है। भारत ने हमेशा समस्याओं के समाधान के लिए डायलॉग और डिप्लोमेसी को प्राथमिकता दी है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फ्री, ओपन और सेफ बनाए रखना, ये हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस विषय में, अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन आवश्यक है। भारत हर परिस्थिति में UAE के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा। जल्द से जल्द शांति और स्थिरता की बहाली के लिए, भारत हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारी कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मैं आपका ह्रदय से बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूँ। जनवरी में आपकी भारत यात्रा के दौरान, हमने आपसी सहयोग को क्वॉलिटेटिवली अपग्रेड करने पर सहमति जताई। इतने कम समय में भी हमने सभी विषयों में उल्लेखनीय प्रगति की। आज जिस तरह की परिस्थिति है, इसमें भारत और UAE के बीच स्ट्रेटेजिक साझेदारी का महत्व कई गुना बढ़ गया है। हम आने वाले समय में हर क्षेत्र में, साथ मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे।"

रिलेटेड टॉपिक्स