प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय 5 देशों की यात्रा पर हैं। UAE, नीदरलैंड्स, स्वीडन के बाद उनका अगला पड़ाव नॉर्वे है। प्रधानमंत्री मोदी आज नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंच चुके हैं। ओस्लो एयरपोर्ट उतरने के बाद नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने उनका स्वागत किया। इसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "नॉर्वे के ओस्लो में मेरा आगमन हुआ। एयरपोर्ट पर मेरे गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर का आभारी हूं।"
उन्होंने आगे लिखा, "चार दशकों से भी अधिक समय में नॉर्वे की यह पहली प्रधानमंत्री-स्तरीय यात्रा है। मुझे विश्वास है कि यह भारत-नॉर्वे की मित्रता को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। मैं महामहिम किंग हेराल्ड V और क्वीन सोन्या से भेंट करूँगा और प्रधानमंत्री स्टोर के साथ वार्ता करूँगा। कल, 19 तारीख को, ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जो मेरे नॉर्डिक कॉउंटरपार्ट्स से मिलने का एक शानदार अवसर प्रदान करेगा।"
ओस्लो के एक होटल में, भारतीय समुदाय द्वारा प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया गया। वहां उन्होंने कई संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां भी देखी। उनके आगमन से पूर्व भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हम प्रधानमंत्री मोदी की नॉर्वे यात्रा को लेकर बहुत उत्साहित हैं। 43 साल बाद यह पहली यात्रा है। न सिर्फ भारतीय मूल के लोग, बल्कि पूरा नॉर्वे इस यात्रा को लेकर उत्साहित है।" वहीं एक अन्य सदस्य ने कहा "हम बहुत उत्साहित हैं! वे एक रॉकस्टार से भी बढ़कर हैं! इससे भारत और नॉर्वे के बीच व्यापारिक संबंध और बेहतर होंगे।" एक और व्यक्ति ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि, "हम अपनी उत्साह को शब्दों में बयां नहीं कर सकते। हम पिछले एक साल से इस पल का इंतजार कर रहे थे।"
प्रधानमंत्री मोदी की ये यात्रा, दोनों देशों के संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगी। इसमें व्यापार और निवेश पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिसमें भारत-EFTA व्यापार और इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट का लाभ उठाना, साथ ही क्लीन और ग्रीन टेक तथा ब्लू इकोनॉमी शामिल हैं। यह यात्रा लगभग 2.73 बिलियन डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को गति देने का भी एक अवसर होगी।