भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स (Seychelles) के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर, वह 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे।
यात्रा के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने अपने बयान में बताया कि, "मेरे मित्र, सेशेल्स रिपब्लिक के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर, मैं 27 से 29 जून 2026 तक सेशेल्स की स्टेट विजिट पर रहूँगा। इस दौरान मुझे 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के गोल्डन जुबली समारोह में भाग लेने का सम्मान प्राप्त होगा।"
प्रधानमंत्री ने आगे बताया, "सेशेल्स हमारा एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और हमारी 'विजन MAHASAGAR' पहल का प्रमुख साझेदार है। साथ ही, यह देश ग्लोबल साउथ के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता में भी अहम भागीदार है। इस वर्ष हम अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष भी पूरे कर रहे हैं। हमारे संबंध आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के प्रति सम्मान तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे आत्मीय संबंधों पर आधारित हैं।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "फरवरी 2026 में राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत की सफल स्टेट विजिट के बाद, मैं उनसे होने वाली वार्ता को लेकर उत्साहित हूँ। हमारी चर्चा का उद्देश्य दोनों देशों की स्थायी मित्रता को और अधिक सुदृढ़ करना होगा। हम अपने नागरिकों की प्रगति सुनिश्चित करने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।"
उन्होंने कहा, "मैं सेशेल्स में रहने वाली जीवंत भारतीय कम्युनिटी से बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूँ। यह कम्युनिटी पीढ़ियों से भारत और सेशेल्स के बीच विशेष मित्रता को सुदृढ़ करती आई है तथा दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु की भूमिका निभा रही है।"
प्रधानमंत्री ने अंत में बताया, "मुझे पूरा भरोसा है कि मेरी यह विजिट दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और अधिक गहरा करेगी, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को नई गति देगी तथा एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाएगी।"
ताजा खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहां भारतीय समुदाय के लोग भी मौजूद थे।