इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चल रहे रोमांच के बीच, सुनील गावस्कर और चेतेश्वर पुजारा ने नई पीढ़ी के दो युवा सितारों, प्रियांश आर्य और आयुष म्हात्रे की जमकर तारीफ की है। उन्होंने दोनों के निडर बैटिंग अंदाज की तारीफ की। पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से खेलते हुए प्रियांश आर्य ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैदान में तहलका ही मचा दिया। मात्र 11 गेंदों में उन्होंने 39 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस शानदार पारी में उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। 39 रनों में से 36 रन तो केवल चौकों-छक्कों से ही आए। उनकी बल्लेबाजी के सामने चेन्नई के गेंदबाज बेबस नजर आए। प्रियांश ने पहले ओवर में खलील अहमद के खिलाफ 3 गेंदों में 11, तो दूसरे ओवर में मैट हेनरी के खिलाफ 4 गेंदों में 15 रन बनाकर मैच का रूख पंजाब की ओर मोड़ दिया था।
दूसरी ओर, CSK की तरफ से खेल रहे आयुष म्हात्रे की बल्लेबाजी ने भी सबको प्रभावित किया। संजू सैमसन (7) के जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने मोर्चा संभाला और 43 गेंदों में 73 रन की एक बढ़िया इन्निंग्स खेली। उनकी इस पारी में 6 चौके और 5 छक्के भी शामिल थे। संजू के जल्दी पैविलियन लौटने के बाद आयुष ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (28) के साथ 96 रनों की साझेदारी की और टीम को संकट से बाहर निकाला। हालांकि CSK ये मैच हार गई, लेकिन म्हात्रे की बल्लेबाजी ने गावस्कर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
आयुष म्हात्रे के लिए सबसे सही बैटिंग पोजिशन और निडर युवा खिलाड़ियों की सोच के बारे में गावस्कर ने कहा, “मेरा मानना है कि आयुष म्हात्रे के लिए नंबर 3 एक अच्छी पोजिशन है। उन्होंने अंडर-19 सेटअप में बैटिंग ऑर्डर में नीचे बैटिंग की है, लेकिन नंबर तीन उनके लिए ज्यादा सही हो सकता है। पिछले मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे, लेकिन उन पर इसका कोई असर नहीं दिखा। Gen Next की सोच की यही तो खूबसूरती है, वे अतीत के बारे में ज्यादा नहीं सोचते, बल्कि वर्तमान पर ध्यान देते हैं। यह एक शानदार रवैया है।”
वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने प्रियांश आर्य की बेहतरीन शॉट-मेकिंग और सूझ-बूझ की तारीफ करते हुए कहा कि वो गेंद की लेंथ को जल्दी भांप लेते हैं और शॉर्ट व फुल, दोनों तरह की गेंदों का समान आसानी से फायदा उठाते हैं। प्रियांश को उनकी घातक बल्लेबाजी के लिए "मैन ऑफ द मैच" पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।