लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर अपने विवादित बयान के कारण चर्चा में है। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को गद्दार कह दिया है। इस जनसभा से पहले उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी महाबली बीरा पासी की एक प्रतिमा का अनावरण भी किया।
बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित करते समय उनके साथ मंच पर अमेठी से लोकसभा सांसद किशोरी लाल शर्मा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय राय, रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा और AICC महासचिव अविनाश पांडे समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे। अपने भाषण में उन्होंने एक बार फिर कहा कि संविधान पर आक्रमण हो रहा है।
राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी हजारों करोड़ रूपए के विमानों में जाते हैं विदेश
अपने हाथ में संविधान की किताब दिखाते हुए उन्होंने कहा, "यह मत सोचिए कि संविधान आजादी के बाद लिखी गई कोई मामूली किताब है। इस किताब में एक विचारधारा है। यह डॉ. बी. आर. अंबेडकर के खून में थी, बीरा पासी के खून में थी और महात्मा गांधी के खून में थी। हर प्रदेश में आपको कोई न कोई ऐसा व्यक्ति जरूर मिल जाएगा, जो इस किताब के लिए लड़ा था और मरा था।"
उन्होंने आगे कहा कि, "प्रधानमंत्री मोदी आपसे कहते हैं कि विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदो। आने वाले समय में किसानों को खाद नहीं मिलेगी। आर्थिक तूफान आ रहा है। आप देखना कि कुछ महीनों में महंगाई कहां जाती है। पेट्रोल, डीजल, तेल, गैस, दाल और चावल के दाम कहां चले जाते हैं। प्रधानमंत्री खुलेआम कहते हैं कि सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ और खुद हजारों करोड़ रूपए के विमानों में विदेश जाते हैं।"
राहुल गांधी ने मुकेश अंबानी पर भी साधा निशाना
उन्होंने अपने संबोधन में हमेशा की तरह उद्योगपतियों पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि, "चुनावों से पहले कहा गया था कि पेट्रोल या गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल की कीमतें नहीं बढ़ेंगी। आज, जब पेट्रोल की कीमतें बढ़ रही हैं, तो अंबानी भारत से विदेशों में पेट्रोल निर्यात कर रहे हैं। अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदते हैं और उसे बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे प्रधानमंत्री मोदी को फंड करते हैं। यही सच है।"
शहजाद पूनावाला ने कहा, ये कहते हैं मोहब्बत की दुकान, मगर हैं नफरत के भाईजान
इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से भी पलटवार सामने आया है। BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ये कांग्रेस पार्टी की मानसिकता और संस्कारों को दर्शाता है। वे कहते हैं मोहब्बत की दुकान, मगर हैं नफरत के भाईजान, धमकी, अपमान और अपशब्द के भाईजान। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और 150 से अधिक गालियां दी हैं और उनके खिलाफ अभद्र बयान दिए हैं। आज फिर, राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय संबंधों में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को लेकर टिप्पणियां कीं, ये उनके संस्कारों को दिखाता है।"
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, राहुल गांधी की मानसिकता अराजकतावादी है
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि, "राहुल गांधी का आज का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है। मेरा मानना है कि भारतीय राजनीति के संदर्भ में, जहाँ मर्यादा और सामाजिक सौहार्द एक-दूसरे के प्रति आपसी सम्मान से जुड़े हुए हैं, उनका यह बयान सचमुच खेदजनक है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि उनकी लगातार चुनावी हार और उससे उपजी हताशा अब उनके स्वभाव और चरित्र में झलक रही है यही हताशा और निराशा उन्हें आज ऐसे बयान देने पर मजबूर कर रही है। मैं आपके शब्दों के चयन के तरीके पर सवाल उठाता हूँ। क्या नक्सलवाद का खात्मा देशद्रोह है? क्या इस देश की सीमा की रक्षा करना देशद्रोह है? क्या भारत के तिरंगे की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाना देशद्रोह है?"
प्रदीप भंडारी ने कहा, राहुल गांधी की भाषा पाकिस्तान समर्थित आतंकियों जैसी
BJP के ही एक अन्य प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी कहा कि, "राहुल गांधी 140 करोड़ भारतीयों को गद्दार कह रहे हैं। राहुल गांधी की भाषा पाकिस्तान और पाकिस्तान-समर्थित आतंकवादियों जैसी है, क्योंकि ऐसे बयान सिर्फ वही लोग दे सकते हैं। राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह भारत सरकार से लड़ना चाहते हैं। वह लोकतंत्र का अपमान कर रहे हैं और उन्होंने साबित कर दिया है कि उनका इरादा किसी राजनीतिक विरोधी जैसा नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्ति जैसा है जो भारत सरकार से लड़ना चाहता है।"