राजनाथ सिंह की राष्ट्रपति दिसानायके से भेंट, दोनों देशों के विकास और जनहित में मिलकर काम करेंगे भारत-श्रीलंका

राष्ट्रपति दिसानायके से मुलाकात के दौरान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्री के तौर पर श्रीलंका की यह मेरी पहली यात्रा है। भारत और श्रीलंका सभ्यतागत जुड़वां हैं। हमारा इतिहास, संस्कृति और विरासत सदियों से एक-दूसरे से जुड़े रहे हैं। हम श्रीलंका को अपने सबसे करीबी दोस्तों और अहम साझेदारों में से एक मानते हैं।

राजनाथ सिंह की राष्ट्रपति दिसानायके से भेंट, दोनों देशों के विकास और जनहित में मिलकर काम करेंगे भारत-श्रीलंका

भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ की बैठक।

Share:

Highlights

  • राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति दिसानायके को सरकार के दो साल पूरे होने पर बधाई दी।
  • साजित प्रेमदासा ने कहा की भारत ने मुश्किल समय में श्रीलंका की मदद में सबसे पहले कदम उठाया है।
  • राजनाथ सिंह ने भरोसा दिलाया की संकट के समय भारत हमेशा श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 8 सितंबर से श्रीलंका के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। आज उन्होंने कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ एक बैठक की। इसकी कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "आज कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति महामहिम अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ एक बहुत ही सौहार्दपूर्ण और बेहद सार्थक बैठक हुई।"

उन्होंने आगे कहा, "मैंने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और उनकी सरकार के दो साल सफलतापूर्वक पूरे होने पर बधाई दी। हमने इस बात को फिर से दोहराया कि सभ्यता के स्तर पर एक-दूसरे से जुड़े होने, करीबी पड़ोसी और समुद्री साझेदार होने के नाते, भारत और श्रीलंका अपने देशों के विकास और लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। साथ ही, हम अपने क्षेत्र की सुरक्षा, शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए भी मिलकर काम करेंगे।" 

राष्ट्रपति दिसानायके से मुलाकात के दौरान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्री के तौर पर श्रीलंका की यह मेरी पहली यात्रा है। भारत और श्रीलंका सभ्यतागत जुड़वां हैं। हमारा इतिहास, संस्कृति और विरासत सदियों से एक-दूसरे से जुड़े रहे हैं। हम श्रीलंका को अपने सबसे करीबी दोस्तों और अहम साझेदारों में से एक मानते हैं। राजनाथ सिंह ने श्रीलंका के विपक्ष के नेता साजित प्रेमदासा से भी मुलाकात की।

इस मुलाकात पर प्रेमदासा ने बताया कि राजनाथ सिंह के साथ मेरी मुलाकात बहुत अच्छी और आगे ले जाने वाली रही। भारत के साथ हमारे रिश्ते बहुत मजबूत हैं। यह एक खास रिश्ता है। हम बहुत करीबी पार्टनर हैं और हमारे आपसी हित हमारे राष्ट्रीय हितों को बढ़ावा देते हैं, यानी हमारे देशों और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, खुशहाली और सद्भाव को बढ़ावा देना।

भारत हमेशा सबसे पहले मदद के लिए आगे आया है। और प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा अपनी कही बातों को करके दिखाया है। भारत ने मुश्किल समय, दिवालियापन और कोरोना महामारी के दौरान श्रीलंका की मदद में सबसे पहले कदम उठाया है। हाल के समय में, हमारे दोनों देशों के बीच विकास सहायता, आर्थिक, व्यापारिक, लोगों के बीच संपर्क, सरकार-से-सरकार और गैर-सरकारी संगठनों से सरकार के स्तर पर, हर तरह से सहयोग रहा है। हमारा रिश्ता बहुत खास और फायदेमंद रहा है, जिसने हमारे आपसी हितों को पूरा किया है।

हम उम्मीद करते हैं कि हमारे रिश्ते ऐसे बढ़ें जिससे दोनों देशों की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राजनीतिक आज़ादी की रक्षा हो सके और हम विकास का लाभ भी उठा सकें। हम चाहेंगे कि भारत हमारा सबसे बड़ा एक्सपोर्ट डेस्टिनेशन बने। हम संतुलित मुक्त व्यापार को बढ़ावा देते हैं। हम ऐसे व्यापार को बढ़ावा देते हैं जो आपसी हित का हो। इसलिए हम इसी रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे। मुझे लगता है कि दुनिया के सबसे ज्यादा आबादी वाले देश से हमें बहुत कुछ सीखने को मिल सकता है।

राजनाथ सिंह ने कल श्रीलंका में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की। इसकी तस्वीरें X पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "कोलंबो में भारतीय समुदाय से मिलकर बहुत खुशी हुई। भारत और श्रीलंका के बीच दोस्ती को मजबूत करने में भारतीय समुदाय अहम भूमिका निभाता है। भारतीय समुदाय भारत और श्रीलंका के बीच एक सेतु की तरह है। जब भी इस द्वीपीय देश पर कोई संकट आएगा, भारत हमेशा मजबूती से श्रीलंका के साथ खड़ा रहेगा।"

भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जहां तक ​​श्रीलंका और भारत के रिश्तों की बात है, तो मैं साफ तौर पर कहना चाहूंगा कि भारत श्रीलंका को अपना बहुत करीबी दोस्त मानता है। भारत यह अच्छी तरह समझता है कि जिंदगी में सब कुछ बदल सकता है, लेकिन पड़ोसी कभी नहीं बदलते। जिंदगी में दोस्त बदल सकते हैं, लेकिन पड़ोसी कभी नहीं बदलते। इसलिए, हमें हमेशा अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने चाहिए।

रिलेटेड टॉपिक्स