भारतीय राजनीति से एक अहम खबर सामने आई है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। यह उपचुनाव केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट को भरने के लिए कराया जा रहा है। कार्यक्रम के अनुसार, 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी, जबकि 12 नवंबर को मतदान और वोटों की गिनती होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 2 नवंबर है और 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर है। मतदान 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती की जाएगी।
2021 में केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत के इस्तीफे और उन्हें कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद, मुरुगन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजा गया था। 2024 में उन्हें दूसरा कार्यकाल दिया, जो 2030 तक चलना था। हालांकि उन्होंने अचानक इस्तीफा दे दिया था। मध्य प्रदेश विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पास बहुमत है, इसलिए इस खाली सीट पर उनके उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी पार्टी ने आधिकारिक तौर पर किसी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे एक पत्र में, जिसे मुरुगन ने X पर भी साझा किया है, उन्होंने लिखा कि, "प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत माता और तमिलनाडु की सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। दिहाड़ी मजदूरों के बेटे से लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में सेवा करने तक का सफर, मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। अब, मैं जमीनी स्तर पर वापस जाना चाहता हूँ, अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा होना चाहता हूँ और 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले तमिलनाडु में BJP को मजबूत करने के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित करना चाहता हूँ। राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय, व्यक्ति अंतिम।"