मालदीव से एक बहुत हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। भारत के मशहूर उद्योगपति और रेमंड ग्रुप के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया एक समुद्री हादसे का शिकार हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, मालदीव में एक स्पीडबोट पलटने की वजह से सिंघानिया घायल हो गए, जबकि भारत के दिग्गज रैली ड्राइवर हरि सिंह अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। ये हादसा गुरूवार रात मालदीव के वी फेलीधू इलाके के पास हुआ। दुर्घटना के समय स्पीडबोट में 7 लोग मौजूद थे, जिनमें 5 भारतीय और 2 विदेशी नागरिक थे। इस हादसे के बाद गौतम को मुंबई लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनके एक प्रवक्ता का कहना है कि गौतम को मामूली चोटें आईं हैं और अब उनकी हालत स्थिर है।
इस पूरी घटना में सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि भारत के मशहूर रैली ड्राइवर हरि सिंह और एक अन्य भारतीय नागरिक अब भी लापता है। हरि सिंह भारतीय मोटरस्पोर्ट्स जगत का एक प्रचलित नाम है। उन्हें 4 से 5 बार इंडियन नेशनल रैली चैंपियनशिप और एक बार एशिया जोन रैली चैंपियनशिप अपने नाम करने का गौरव हासिल है। उन्हें फ्लाइंग सिक्ख के नाम से भी जाना जाता है और हरि सिंह जेके टायर मोटरस्पोर्ट्स के हेड ऑफ ऑपरेशन्स के तौर पर भी काम कर चुके हैं। उन्होंने मर्सिडीज-बेंज इंडिया के साथ भी इंस्ट्रक्टर के तौर पर काम किया हुआ है। मालदीव नेशनल डिफेंस फोर्स ने साफ किया है कि हरि सिंह व एक अन्य भारतीय नागरिक के लिए तलाशी और बचाव अभियान चल रहा है।
जानकारी के लिए बता दें कि गौतम सिंघानिया प्रसिद्ध सिंघानिया परिवार से ताल्लुक रखते हैं। ये भारत का एक दिग्गज कारोबारी परिवार है और इसकी कई पब्लिक लिस्टेड कंपनियों में बहुमत हिस्सेदारी है, जैसे जेके टायर, जेके सीमेंट और जेके पेपर आदि। इस परिवार की कुछ अन्य कंपनियां भी हैं, जिसमें गौतम सिंघानिया की रेमंड ग्रुप भी शामिल है। भारत के 500 से ज्यादा शहरों में रेमंड के 1000 से ज्यादा रिटेल स्टोर्स हैं।