इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच होने जा रहा है। ये महामुकाबला, रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। क्रिकेट प्रेमी इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि दोनों ही टीमें इस सीजन बहुत मजबूत नजर आईं हैं। RCB की टीम इस समय बेहद शानदार फॉर्म में हैं और वो डिफेंडिंग चैंपियन भी है। उन्होंने 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर 18 साल में पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया था।
इतने वर्षों तक ट्रॉफी न जीत पाना और उसके बाद लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचना, इसे RCB का कायापलट ही माना जाएगा। अब टीम की नजरें लगातार दूसरी बार ट्रॉफी उठाने पर है। RCB इस साल 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर रही। क्वालीफायर-1 में उन्होंने GT को 92 रनों के बड़े अंतर से हराया था। इस महत्वपूर्ण मैच में मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार ने 93* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम ने 254 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया था। दूसरी ओर, 2022 की विजेता GT भी 18 अंकों के साथ पॉइंट्स अंक तालिका में दूसरे नंबर पर रही थी।
पहले क्वालीफायर में RCB से हारने के बाद उन्होंने वापसी की और क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हराया। इस मैच के हीरो GT के कप्तान शुभमन गिल (104) रहे, जिन्होंने इतने अहम मैच में शानदार शतक जमाया। उन्होंने ऑरेंज कैप होल्डर वैभव सूर्यवंशी (96) की पारी पर पानी फेर दिया है। यदि शुभमन के बल्ले से फाइनल में भी एक अच्छी पारी निकलती है, तो वो ऑरेंज कैप भी हासिल कर सकते हैं।
जहां वैभव ने इस साल 776 रन बनाए, वहीं शुभमन 722 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम GT का होम ग्राउंड हैं और उन्हें फाइनल में भी दर्शकों से भारी समर्थन मिलने की उम्मीद है। दोनों टीमों में से जो भी जीतेगा, वो दूसरी बार ये खिताब अपने नाम करेगा। अब ये रविवार को ही पता चलेगा कि किसके सर पर जीत का ताज सजेगा।