धर्मनगरी उज्जैन आज एक खास पल का गवाह बनी, जब धुरंधर सीरीज से देशभर में अपनी पहचान बनाने वाली फिल्म एक्ट्रेस सारा अर्जुन श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। सारा के साथ उनके पिता और एक्टर राज अर्जुन और माता सान्या अर्जुन भी मौजूद थीं। वो अपनी माँ के जन्मदिन के अवसर पर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक, सारा सुबह 4 बजे विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल हुईं और करीब 2 घंटे तक आरती में हिस्सा लिया। उन्होंने नंदी हॉल से भगवान महाकाल के दर्शन किए और गर्भगृह के देहरी से उन्हें जल चढ़ाया। पारंपरिक भारतीय साड़ी में सारा पूरी तरह से महादेव की भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने नंदी जी के कानों में अपनी इच्छा भी कही।
दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि जब आप मंदिर के अंदर होते हैं, तो आप किसी और चीज के बारे में सोच नहीं सकते।" उन्होंने आगे बताया, "मैंने खास तौर पर कुछ नहीं मांगा, मैंने बस सेहत, पैसा और कामयाबी के लिए प्रार्थना की। यह बहुत अच्छा एहसास था और मैं पूरी तरह से निःशब्द हूँ।" सारा ने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी तारीफ की। फिलहाल वो धुरंधर और धुरंधर: द रिवेंज की अपार सफलता के कारण चारों और छाई हुई हैं। हालांकि 20 वर्षीय सारा ने एक बाल कलाकार के रूप में ही अपनी करियर की शुरूआत कर दी थी।
फिल्म ऑफर्स मिलने से पूर्व सारा मैकडॉनल्ड्स के विज्ञापन में भी काम कर चुकी हैं। इसके बाद उन्हें क्लिनिक प्लस के एक विज्ञापन से पहचान मिली और उन्हें तमिल फिल्म दैव तिरुमगल में भी कास्ट किया गया, जिसमें नीला के रूप में उनकी एक्टिंग की तारीफ की गई थी। उन्होंने इस फिल्म में सुपरस्टार विक्रम की बेटी का किरदार निभाया था। सारा अर्जुन फिल्म डायरेक्टर मणि रत्नम की फिल्म सीरीज "पोन्नियिन सेल्वन" में युवा नंदिनी की भूमिका भी निभा चुकी हैं। रिपोर्ट्स की माने तो, अब वो अगली फिल्म में बॉलीवुड की आइकोनिक एक्ट्रेस मधुबाला के किरदार में भी नजर आ सकती हैं। इस फिल्म का निर्देशन जसमीत के. रीन करेंगे और इसके प्रोड्यूसर संजय लीला भंसाली होंगे।