पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक दुःखद खबर सामने आई है। 24 जून की दोपहर शहर के तारातला इलाके में बन रहे एक गोडाउन (गोदाम) का शेड गिर गया। रिपोर्ट्स की मानें, तो इस दर्दनाक हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि विभिन्न स्थानों से अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। इसके अलावा, बड़ी संख्या में लोग मलबे के नीचे दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सेना, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) एवं अन्य टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च एन्ड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक, 18 लोगों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल भी घटना स्थल पर पहुंचे।
युवा और खेल विभाग के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. इंद्रनील खान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना है। सभी बचाव दल मौके पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि यह ढांचा अवैध था और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासनकाल में बनाया गया था।
प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री उमेश राय ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि ये एक चाय का गोडाउन था और यहां कंस्ट्रक्शन चल रहा था। कंस्ट्रक्शन के दौरान, बारी बारिश की वजह से ये ढांचा गिर गया। ये हादसा अचानक हुआ और हम स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए काम कर रहे हैं। कई लोग अब भी अंदर फंसे हुए हैं और हमे अंदर से आवाजें सुनाई दे रही हैं।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस कमेटी (WBCC) के अध्यक्ष शुभांकर सरकार ने बताया कि अंदर की परिस्थिति बहुत भयंकर है। सरकार भी कोशिश कर रही है और हमें भी अपना योगदान देना चाहिए। हमे अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द बचाना होगा। चूंकि सरकार को सत्ता में आए अभी एक महीना ही हुआ है, इसलिए उनके लिए इतनी जल्दी सब कुछ संभालना मुश्किल है। फिर भी, जिम्मेदारी सरकार की ही है। हमें यह देखना होगा कि यह अवैध निर्माण क्यों हो रहा था और इसकी निगरानी क्यों नहीं की गई। इसलिए, इस मामले से जुड़ी सभी सच्चाइयों का पता लगाना बहुत जरूरी है।
पश्चिम बंगाल के सचिवालय 'नबान्न' ने कुछ नंबर भी जारी किए हैं, जो 1070, 8697981070, 033 22143526 और 033 22535185 हैं। ताजा घटनाक्रम में, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, "NDRF, सेना, SDRF, पुलिस और फायर डिपार्टमेंट सभी मिलकर यहां काम कर रहे हैं। 21 लोगों को बचाया गया है। 3 लोगों की मौत हो गई है। SSKM अस्पताल काम कर रहा है। करीब 12-18 लोग अंदर फंसे हुए हैं। वे भारतीय सेना के संपर्क में हैं।"