आज से शुरू हुई श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, बारिश के बावजूद देश-विदेश से पहुंची भक्तों की भारी भीड़

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रथ यात्रा के शुभ अवसर पर सभी भक्तों को शुभकामनाएं दी हैं।

आज से शुरू हुई श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, बारिश के बावजूद देश-विदेश से पहुंची भक्तों की भारी भीड़

आज भगवान जगन्नाथ के भक्तों के लिए एक विशेष दिन है।

Share:

Highlights

  • जानकारी के मुताबिक तीनों रथों को दोपहर 2 बजे खींचा जाएगा।
  • दिव्य रथों की यात्रा से पहले पारंपरिक रथ प्रतिष्ठा पूजा की गई।
  • पहांडी रस्म के तहत, देवताओं को मंदिर से रथों तक ले जाया जाता है।

आज भगवान जगन्नाथ के भक्तों के लिए एक विशेष दिन है। यह महाप्रभु की रथ यात्रा का शुभ अवसर है। इस अवसर पर ओडिशा के पुरी और देश के अन्य भागों में रथ यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति और मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली द्रौपदी मुर्मू ने X पर सभी को शुभकामनाएं दीं और लिखा, "महाप्रभु की रथयात्रा के पावन अवसर पर मैं देश-विदेश में श्रीजगन्नाथ के सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएँ देती हूं।" 

उन्होंने आगे लिखा, "लोकमान्यता है कि इस पवित्र यात्रा की महान परंपरा के दौरान चक्रराज सुदर्शन, बड़े भाई बलभद्र तथा बहन सुभद्रा सहित महाप्रभु श्रीजगन्नाथ भक्तों से मिलते हैं। भक्तों और भगवान के मिलन का यह भावपूर्ण अवसर अद्वितीय होता है। मेरी प्रार्थना है कि महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की कृपा से हमारे देश और देशवासियों की सुख-समृद्धि में निरंतर वृद्धि होती रहे। जय जगन्नाथ!"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई देते हुए लिखा, "महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा के पावन अवसर पर मेरी कामना है कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो।" इस पवित्र त्योहार के लिए पुरी में देश-विदेश से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। पुरी में हुई बारिश भी भक्तों के उत्साह को कम नहीं कर पा रही है। 

एक भक्त ने कहा, "आम दिनों में हम भगवान के दर्शन करने मंदिर जाते हैं, लेकिन आज वह खुद हमें दर्शन देने के लिए बाहर आते हैं।" भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के तीनों रथों को श्री जगन्नाथ मंदिर के सिंहद्वार पर लाया गया है। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दिव्य रथों की यात्रा से पहले, उनके सेवकों ने पारंपरिक रथ प्रतिष्ठा पूजा की। इसके बाद पहंडी/पहांडी रस्म के तहत जिसमें देवताओं को मंदिर से उनके रथों तक ले जाया जाता है। जानकारी के मुताबिक, रथों को दोपहर 2 बजे खींचा जाएगा।

गुजरात के अहमदाबाद में भी भगवान जगन्नाथ का एक प्रसिद्ध मंदिर है। रथ यात्रा के अवसर पर, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी आज इस मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसकी तस्वीरें X पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "श्री जगन्नाथ रथयात्रा के पावन अवसर पर अहमदाबाद स्थित श्री जगन्नाथ जी मंदिर की मंगला आरती में सम्मिलित होकर महाप्रभु का आशीर्वाद लिया। भक्ति व आस्था से ओतप्रोत यह क्षण सदैव विशेष अनुभूति देता है।महाप्रभु श्री जगन्नाथ से प्रार्थना है कि वे सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। जय जगन्नाथ!"

रिलेटेड टॉपिक्स