पश्चिम बंगाल के बाद अब महाराष्ट्र से भी दिलचस्प खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो उद्धव ठाकरे की शिवसेना-उद्धव बाळासाहेब ठाकरे (SS-UBT) के 7 लोकसभा सांसद, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना (SS) में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि 7 जून को एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे के समय वहां एक बैठक हुई थी और इस बातचीत के दौरान ठाकरे खेमे के कई सांसद भी वहां मौजूद थे। इस समय केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि ठाकरे खेमे से एक सांसद को मंत्रिमंडल में जगह देने का भी वादा किया गया था।
सूत्रों का कहना है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और लोकसभा सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे पिछले कई महीनों से SS-UBT के सांसदों के संपर्क में हैं। हालांकि इन खबरों को सार्वजनिक तौर पर किसी भी नेता ने स्वीकार नहीं किया है। इस समय लोकसभा में SS-UBT के 9 सांसद मौजूद हैं। इनमें संजय देशमुख (यवतमाळ-वाशीम), नागेश पाटील-आष्टीकर (हिंगोली), संजय जाधव (परभणी), राजाभाऊ वाजे (नाशिक), संजय दिना पाटील (मुंबई नॉर्थ ईस्ट), अनिल देसाई (मुंबई साउथ सेंट्रल), अरविंद सावंत (मुंबई साउथ), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिर्डी) और ओमप्रकाश राजेनिंबाळकर (उस्मानाबाद) शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई के दो सांसदों को छोड़कर बाकी सात सांसद शिंदे गुट के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इन अटकलों को तब और बल मिला, जब उपमुख्यमंत्री शिंदे ने दिल्ली दौरे के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। संभावना है कि उनकी बातचीत में ठाकरे गुट के सांसदों के पाला बदलने का मुद्दा भी शामिल रहा होगा। हालांकि शिंदे गुट अथवा ठाकरे गुट में से किसी ने भी इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लेकिन यदि भविष्य में सच में इस तरह की कोई घटना सामने आती है, तो ये उद्धव ठाकरे के लिए राजनीतिक रूप से बहुत घातक सिद्ध होगी।