कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया दूसरा टेस्ट मैच श्रीलंकाई टीम के शानदार जज्बे के लिए याद किया जाएगा, जहां उन्होंने हार के मुंह से निकलकर मैच ड्रॉ कराया। पहली पारी में, सोनल दिनुशा के संघर्षपूर्ण शतक (103 रन) के दम पर टीम ने 10 विकेट खोकर 290 रन बनाए, लेकिन वे फॉलो-ऑन से बचने के लिए जरूरी रनों से थोड़ा पीछे रह गए। पहली बारी में भारत की ओर से मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा ने सर्वाधिक 3-3 विकेट झटके। वहीं इंदौर के सारांश जैन ने दो विकेट हासिल किए। इनके अलावा रविंद्र जडेजा एवं मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट हासिल हुआ।
फॉलो-ऑन मिलने के बाद, भारत की योजना श्रीलंका को जितनी जल्दी हो सके आउट करने की रही होगी। लेकिन, किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। श्रीलंका ने पहली पारी की तुलना में दूसरी पारी में बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालाँकि 5 रन के स्कोर पर ही उन्होंने लाहिरू उदारा (3) के रूप में अपना पहला विकेट खो दिया था, लेकिन इसके बाद उनके बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की और कुछ ठोस साझेदारियां देखने को मिलीं। कामिल मिशारा ने 32 रनों की उपयोगी पारी खेली। पसिंदु सूरियाबंदारा (92) और कामिंदु मेंडिस (55) ने तीसरे विकेट के लिए 115 रनों की पार्टनरशिप की और श्रीलंका को एक अच्छी स्थिति में ले गए। कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने 23 रनों का योगदान दिया।
178 रन के स्कोर पर कामिंदु का विकेट गिरा, और उसके बाद धनंजय और पासिंदु भी आउट हो गए। इसके कुछ ही देर बाद निरोशन डिकवेला (6) भी पवेलियन लौट गए। ऐसा लग रहा था कि भारत मैच में वापसी कर रहा है। लेकिन, उनके रास्ते में सोनल दिनुशा (133*) खड़े थे, जो इस सीरीज में श्रीलंका के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 264 गेंदों का सामना किया, अंत तक नाबाद रहे और इस मैच ड्रॉ कराकर ही लौटे। इस काम में उन्हें ऑलराउंडर केशरा नुवांथा का भी भरपूर साथ मिला, जिन्होंने 150 गेंदों में 46 रन बनाए। इस मैच को ड्रॉ करवाने में पुछल्ले बल्लेबाजों ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रभात जयसूर्या (28 गेंदों में 2 रन), लाहिरू कुमारा (90 गेंदों में 12 रन) और असिथा फर्नांडो (24 गेंदों में 0*) ने भी कई गेंदों का सामना किया।
154 ओवर के खेल के बाद, श्रीलंका ने 429/9 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी। मानव सुथार ने अपनी निरंतर गेंदबाजी जारी रखते हुए तीन विकेट लिए। उन्होंने इस सीरीज में कुल 16 विकेट झटके। रवींद्र जडेजा ने भी तीन विकेट चटकाए, वहीं सारांश जैन, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। भारत के देवदत्त पडिक्कल को मैन ऑफ द सीरीज और श्रीलंका के सोनल दिनुशा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस प्रकार भारत ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।