भारत और आयरलैंड के बीच क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर लौटने वाला है। अभी हाल ही में समाप्त हुए टी-20 विश्व कप में अपनी बादशाहत कायम करने के बाद भारतीय टीम का पहला इंटरनेशनल टूर आयरलैंड का होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में इस दौरे का ऐलान किया है, जिसे लेकर क्रिकेट फैंस काफी उत्साहित भी होंगे। भारतीय पुरूष टीम जून 2026 में आयरलैंड जाएगी, जहां उन्हें दो टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। ये दोनों ही मैच बेलफास्ट में खेले जाएंगे। पिछले आठ वर्षों में तीन बार, 2018, 2022 और 2023 में आयरलैंड का दौरा करने के बाद, भारत 2007 के बाद पहली बार बेलफास्ट में कोई मैच खेलेगा।
इस छोटी सीरीज के लिए शेड्यूल भी तय हो चुका है। पहला मैच 26 जून, तो दूसरा 28 जून को खेला जाएगा। दोनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होंगे। टी-20 विश्व कप चैंपियन बनने के बाद ये भारत का पहला दौरा होगा और सभी के नजरें इसी बात पर होंगी कि भारतीय टीम अपनी जीत की लय को कैसे बरकरार रखती है। ये दौरा आयरलैंड के लिए भी एक नई शुरुआत जैसा है। उनके दिग्गज खिलाड़ी पॉल स्टर्लिंग ने टी-20 विश्व कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद इस फॉर्मेट में टीम की कप्तानी छोड़ दी है। अब ये टीम एक नए कप्तान के नेतृत्व में विश्व विजेता भारत का सामना करेगी। भारत का आयरलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 8 टी-20 मुकाबले खेले गए है, जिनमें सभी 8 मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है।
इससे पहले भारतीय टीम 2023 में आयरलैंड का दौरा कर चुकी है, जहां तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में भारत ने 2-0 से टी-20 सीरीज में जीत दर्ज की थी। एक मैच पानी के कारण धुल गया था। इस बार भी भारतीय फैंस को यही उम्मीद है कि टीम आयरलैंड के खिलाफ अपना दबदबा जारी रखेगी। इससे पहले भारत, अफगानिस्तान टीम के साथ 6 जून से 20 जून तक एक टेस्ट मैच और 3 मैचों की ODI सीरीज भी खेलेगा। बाद में भारत 1 जुलाई से 19 जुलाई तक इंग्लैंड का दौरा करेगा, जहां वो इंग्लिश टीम के साथ 5 T20I और 3 ODI मैच खेलेगा।