टी-20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर पिछले कई दिनों से चला आ रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने यू-टर्न लेते हुए अपनी टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए हरी झंडी दे दी है। अब यह मुकाबला अपने पुराने शेड्यूल के मुताबिक 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पिछले कुछ हफ्तों से पाकिस्तान इस बात पर अड़ा हुआ था कि वह विश्व कप के बाकी मैच तो खेलेगा, लेकिन भारत के साथ मुकाबला नहीं करेगा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस बॉयकॉट के पीछे सरकार के आदेश का हवाला दिया था, लेकिन खबर है कि श्रीलंका और बांग्लादेश के कहने पर, साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के दबाव के चलते पाकिस्तान को अपना फैसला बदलना पड़ा। पाकिस्तान सरकार ने इस पर बयान जारी करते हुए कहा, “बहुपक्षीय चर्चाओं में प्राप्त परिणामों और मित्र देशों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए, पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को ICC टी-20 विश्व कप में मैच के लिए 15 फरवरी को मैदान में उतरने का निर्देश दिया है।”
इससे पहले पाकिस्तान ने मैच खेलने के लिए कुछ शर्तें रखी थीं। इनमें बांग्लादेश पर कोई वित्तीय जुर्माना न लगाया जाना, भले ही उसने टी-20 विश्व कप में हिस्सा न लिया हो, बांग्लादेश के लिए नुकसान की भरपाई के तौर पर ICC द्वारा एक इवेंट आयोजित किया जाना, भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज कराने के लिए ICC के हस्तक्षेप की मांग और भारत-बांग्लादेश-पाकिस्तान के बीच त्रिकोणीय श्रृंखला जैसी बातें शामिल थीं। इनमें भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज की मांग को ICC ने खारिज कर दिया। वहीं, बांग्लादेश में 2031 से पहले एक ICC इवेंट आयोजित किए जाने की संभावना है और उस पर किसी तरह का जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।
पाकिस्तानी मीडिया की मानें तो श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से बातचीत की थी, जिसमें उन्होंने बॉयकॉट समाप्त करने और भारत के खिलाफ मैच खेलने का अनुरोध किया। पाकिस्तान के इस यू-टर्न के बाद सोशल मीडिया पर उसे जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
X पर एक यूजर ने तो PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी की पूरी “CV” ही पेश कर दी, जिसमें लिखा गया था कि "हम एशिया कप 2023 के लिए हाइब्रिड मॉडल स्वीकार नहीं करेंगे, हम वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारत की यात्रा नहीं करेंगे, हम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए हाइब्रिड मॉडल स्वीकार नहीं करेंगे, अगर एंडी पायक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो हम एशिया कप 2025 नहीं खेलेंगे और हम भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप मैच का बॉयकॉट करेंगे।" हर बार इस तरह की धमकियों के बाद पाकिस्तान ने आखिरकार अपने रुख से पलटी ही मारी है।