लोक सभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष

सूत्रों के अनुसार, यह प्रस्ताव लाने का निर्णय आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में हुई विपक्षी नेताओं की बैठक में लिया गया।

लोक सभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष

लोक सभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है।

Share:

Highlights

  • बजट सत्र 2026 के दौरान विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला पर पक्षपात के आरोप लगाए।
  • राहुल गांधी को सदन में बोलने का मौका न मिलने और विपक्षी सांसदों के निलंबन पर बढ़ा विवाद।
  • विपक्षी दलों ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया।

संसद के बजट सत्र 2026 के दौरान राजनीतिक माहौल काफी गरमाया हुआ है और दिल्ली के सियासी गलियारों में हलचलें तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, विपक्षी दल लोक सभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में हैं। विपक्ष का आरोप है कि सदन का संचालन निष्पक्ष रूप से नहीं किया जा रहा और उन्हें अपनी बातें रखने के पर्याप्त मौके नहीं मिल पा रहे हैं। विपक्ष की नाराज़गी की वजह हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाएं बताई जा रही हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का मौका न मिलने को लेकर विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया है। विपक्षी दलों का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष के नाते राहुल गांधी को सदन में अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी गई।

इसके अलावा, 8 विपक्षी सांसदों को बजट सत्र के अंत तक निलंबित किए जाने का मुद्दा भी विवाद का कारण बना हुआ है। इतना ही नहीं, गोड्डा लोक सभा क्षेत्र से सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने और कांग्रेस की महिला सांसदों पर निराधार आरोप लगाने जैसे मुद्दों के चलते ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। विपक्ष का कहना है कि इस संबंध में जल्द ही एक वैधानिक प्रस्ताव (Statutory Resolution) लोकसभा में पेश किया जाएगा। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, “आप देखिए संसद में क्या हो रहा है। बजट सत्र में आप देख सकते हैं कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सदन में कुछ भी बोलने नहीं दिया जा रहा है। स्पीकर कांग्रेस की महिला सांसदों पर आरोप लगा रहे हैं। इस सदन में विपक्ष के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “चाहे विपक्ष के नेता हों या अन्य विपक्षी नेता, उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। विपक्ष के प्रति इस तरह का रवैया पहले कभी नहीं रहा।” विपक्ष द्वारा इस तरह का प्रस्ताव लाने के सवाल पर उन्होंने कहा,“कार्रवाई के बाद ही आपको पता चलेगा," साथ ही यह भी कहा कि पूरा विपक्ष एकजुट है। जानकारी के मुताबिक, यह प्रस्ताव लाने का निर्णय आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में हुई विपक्षी नेताओं की बैठक में लिया गया। इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी, द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम, राष्ट्रीय जनता दल, शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) सहित वामपंथी दल भी उपस्थित थे।

रिलेटेड टॉपिक्स