टी-20 विश्व कप 2026 को लेकर भारतीय क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह सातवें आसमान पर है। रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी जंग होने वाली है। यह मुकाबला इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत के पास अपनी बादशाहत बरकरार रखने और घर में विश्व कप जीतने का एक सुनहरा मौका है। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को बेहद रोमांचक मुकाबले में 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया। उन्होंने मात्र 42 गेंदों में 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
हालांकि जैकब बेथेल (105) के शतक ने मैच को अंतिम ओवर तक खींच दिया था। लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की गेंदबाजी ने भारत को जीत दिला ही दी। संजू सैमसन अब तक 4 मैचों में 77.33 की औसत से 232 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 200 से ऊपर का रहा है। साथ ही संजू को पिछले दोनों मैचों में "मैन ऑफ द मैच" पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। भारत आज फाइनल में उन्हीं की दोनों पारियों (97* और 89) की बदौलत पहुंचा है। संजू यही चाहेंगे कि इस अंतिम मुकाबले में भी उनके बल्ले से एक जोरदार पारी निकले और भारत तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम करे। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव (242) और ईशान किशन (263) के बल्लों से भी इस प्रतियोगिता में रन निकले हैं।
हालांकि एक खिलाड़ी जिसकी बल्लेबाजी को लेकर उतनी बात नहीं हो रही, वह है शिवम दुबे। शिवम 8 मैचों में अब तक 209 रन बना चुके हैं और मध्यक्रम में कैमियो पारियां खेल रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल में भी उन्होंने 25 गेंदों में 43 रनों की उपयोगी पारी खेली थी। इससे पहले वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 42, नीदरलैंड के खिलाफ 66, पाकिस्तान के खिलाफ 27 और नामीबिया के खिलाफ 23 रनों की पारियां खेल चुके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने अंतिम ओवर में गेंदबाजी की थी, जब इंग्लैंड को 30 रनों की जरूरत थी। उनके ओवर की पहली गेंद पर एक रन बना और जैकब रन-आउट हो गए। दूसरी और तीसरी गेंद पर भी एक-एक रन ही आया, जिससे मैच भारत की झोली में आ गया। हालांकि उस मैच में उनके एकमात्र ओवर में 22 रन पड़े, मगर तब भी मैच 7 रनों से भारत की मुट्ठी में आ गया।
दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की टीम भी शानदार फॉर्म में है। कीवी टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल का टिकट कटाया है। न्यूजीलैंड की टीम हमेशा से ही आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत के लिए एक बड़ी चुनौती रही है। अहमदाबाद का यह फाइनल मुकाबला ऐतिहासिक होने जा रहा है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में एक लाख से ज्यादा दर्शकों के सामने जब ये दोनों टीमें भिड़ेंगी, तो नजारा देखने लायक होगा। मैच से पहले क्लोजिंग सेरेमनी में मशहूर सिंगर रिकी मार्टिन अपनी परफॉर्मेंस से समां बांधेंगे। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम करेगी।