तमिलनाडु : तिरुचिरापल्ली में मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन का चुनाव प्रचार, BJP पर किया हमला

तमिलनाडु में द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम 164 सीटों पर, कांग्रेस 28 सीटों पर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया- मार्क्सिस्ट 5-5 सीट और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम 166 सीटों पर, भारतीय जनता पार्टी 27 सीटों पर, पट्टाली मक्क्ल काची 18, अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कळगम 11 और तमिल मानीला कांग्रेस-मूपनार 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

तमिलनाडु : तिरुचिरापल्ली में मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन का चुनाव प्रचार, BJP पर किया हमला

मुख्यमंत्री स्टालिन ने आज तिरुचिरापल्ली के कई इलाकों में चुनाव प्रचार किया।

Share:

Highlights

  • मुख्यमंत्री स्टालिन ने तिरुचिरापल्ली में चुनाव प्रचार कर DMK उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा।
  • स्टालिन ने BJP और AIADMK पर निशाना साधते हुए अपने शासन की योजनाओं का जिक्र किया।
  • 234 सीटों वाले तमिलनाडु में 23 अप्रैल को चुनाव और नतीजे 4 मई को आएंगे।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी पार्टियां पूरी जी-जान से इसमें जुटी हुई हैं। इसी सिलसिले में राज्य के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कळगम (DMK) के मुखिया एम. के. स्टालिन भी आज तिरुचिरापल्ली में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। उन्होंने तिरुचिरापल्ली के कई इलाकों में प्रचार किया और 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाया। एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "पिछले पांच सालों में तिरुचिरापल्ली के लोगों के फायदे के लिए 26,000 करोड़ रूपए की कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। इसलिए, मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ आपका वोट मांगने आया हूं। हमारी योजनाओं को देखकर दूसरे राज्यों ने भी महिला अधिकार भत्ता जैसी योजनाएं लागू करना शुरू कर दिया है। हम छात्रों के लिए पौष्टिक नाश्ते की योजना भी चला रहे हैं। 'नान मुधलवन' योजना भी सफलतापूर्वक लागू की जा रही है।"

मुख्यमंत्री स्टालिन ने BJP पर हमला करते हुए कहा, "तमिलनाडु में न तो कोई जातिगत संघर्ष है, न ही BJP-शासित राज्यों की तरह कोई सांप्रदायिक दंगे, न ही उत्तर प्रदेश जैसा मॉब वायलेंस और न ही मणिपुर जैसी लगातार अशांति। हमने यहां ऐसी स्थितियां पैदा करने की BJP की साजिशों को भी नाकाम कर दिया है। हमारे शासन में शांतिपूर्ण माहौल और प्रभावी प्रशासन के कारण ही तमिलनाडु में लगातार निवेश आ रहा है। हमने इसके समर्थन में एक विस्तृत एक्शन प्लान और चुनावी घोषणापत्र जारी किया है। मैंने जो भी घोषणाएं की हैं, वे आने वाले दिनों में पूरी की जाएंगी।" उन्होंने आगे कहा, "हम वही करते हैं, जो कहते हैं और वही कहते हैं, जो करते हैं। मैं करुणानिधि का बेटा हूं। AIADMK, जो 10 साल तक सत्ता में रही, उसने तमिलनाडु को पतन की ओर धकेल दिया। BJP ने तमिलनाडु को कोई फंड नहीं दिया है। ई. के. पलानीस्वामी ने सरकार सिर्फ अपने रिश्तेदारों को ठेके देने के लिए चलाई।"

बता दें कि 234 विधानसभा सीटों वाले राज्य में दोनों प्रमुख गठबंधनों में सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लग चुकी है। इनमें कुछ मुख्य दलों की बात करें, तो सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) में DMK सबसे अधिक 164 सीटों पर, कांग्रेस 28 सीटों पर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सवादी (CPI-M) 5-5 सीटों पर और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कळगम (AIADMK) 166 सीटों पर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) 27 सीटों पर, पट्टाली मक्कल काची (PMK) 18 सीटों पर, अम्मा मक्कल मुनेत्र कळगम (AMMK) 11 सीटों पर और तमिल मानीला कांग्रेस-मूपनार (TMC-M) 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

रिलेटेड टॉपिक्स