केरलम में चुनाव नतीजे घोषित होने के लगभग 10 दिनों के बाद, आखिरकार नए मुख्यमंत्री का नाम सामने आ चुका है। 2021 से 2026 तक विपक्ष के नेता रहे वी. डी. सतीशन ही प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। केरलम की AICC प्रभारी दीपा दासमुंशी ने कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता के तौर पर सतीशन के नाम का ऐलान किया।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस विधायक दल की बैठक 7 मई को तिरुवनंतपुरम में हुई थी और इसमें सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि केरलम में CLP के नए नेता की नियुक्ति का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष को दिया जाए। इसी के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष, लोकसभा में विपक्ष के नेता, AICC पर्यवेक्षकों के साथ चर्चा की। साथ ही, राज्य के कई अन्य नेताओं, जिनमें सांसद और पूर्व PCC अध्यक्ष भी शामिल हैं, से भी परामर्श किया गया। इन सभी चर्चाओं के आधार पर, यह निर्णय लिया गया है कि वी.डी. सतीशन को CLP का नेता नियुक्त किया जाए।"
वी. डी. सतीशन 2001 से लगातार परवूर सीट से विधायक हैं और केरलम में कांग्रेस के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक हैं। माना जाता है कि सतीशन को कार्यकर्ता और जमीनी स्तर पर काफी समर्थन प्राप्त है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के एक महत्वपूर्ण घटक दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने भी पहले ही उनके नाम का समर्थन कर दिया था।
2026 में UDF द्वारा 140 में से 102 सीटें जीतने के बाद से ही विभिन्न तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि अब मुख्यमंत्री कौन होगा? कोई के. सी. वेणुगोपाल का नाम ले रहा था, तो कोई वी.डी. सतीशन या रमेश चेन्निथला का जिक्र कर रहा था। आज सतीशन के नाम की घोषणा के साथ इन सभी कयासों पर विराम लग चुका है। इसके बाद उनके घर और तिरुवनंतपुरम में पार्टी ऑफिस के बाहर जश्न का माहौल देखा गया।
इस मौके पर सतीशन ने कहा, "मेरी पार्टी ने मुझे एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए मैं राहुल गांधी और अन्य लोगों का धन्यवाद करता हूँ। इस चुनाव में UDF के लाखों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कड़ी मेहनत की। मैं इसके लिए उनका आभारी हूँ। "मैं इस पद को अपनी निजी उपलब्धि के तौर पर नहीं, बल्कि ईश्वरीय कृपा के तौर पर देखता हूँ।"
उन्होंने आगे कहा, "यह के. सी. वेणुगोपाल ही थे जिन्होंने AICC की सभी गतिविधियों का समन्वय किया। उनका सहयोग बहुत अमूल्य था। रमेश चेन्निथला भी मेरे नेता हैं। मैं इन सभी को पूरी तरह से विश्वास में लूँगा। मैं केरलम के लोगों के हर वर्ग का समर्थन चाहता हूँ। केवल सामूहिक प्रयास से ही एक नया केरलम बनाया जा सकता है। कोई भी इसे अकेले नहीं कर सकता, एक टीम ही इसे हासिल कर सकती है।"
इस अवसर पर के.सी. वेणुगोपाल ने भी कहा कि, "आज अंतिम फैसला आ गया है और कांग्रेस आलाकमान ने केरलम सरकार के लिए मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर वी.डी. सतीशन को चुना है। मैं इस फैसले का पूरे दिल से स्वागत करता हूँ। मैं वी.डी. सतीशन को इस पद के लिए बधाई देता हूँ। मुझे लगता है कि केरलम की जनता ने UDF के पक्ष में एक बड़ा जनादेश दिया है। वी.डी. सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार, केरलम की जनता की उम्मीदों और वादों को पूरा कर सकती है। निश्चित रूप से, हम केरलम सरकार के साथ पूरी तरह से खड़े हैं।"