एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा (कहीं पर नाम त्विशा) की मौत का मामला इस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। मध्य प्रदेश सरकार ने CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच को सूचित किया कि जांच CBI को सौंप दी जाएगी। कोर्ट ने इस मामले के दोनों पक्षों से आग्रह किया है कि वे मीडिया को कोई बयान न दें।
CJI ने कहा, "पीड़ित के परिवार या दूसरे परिवार के बयानों पर न जाएं। वरना, एक तबका कह रहा है कि न्यायपालिका निष्पक्ष सुनवाई की इजाजत नहीं दे रही है। हमें अपनी राज्य एजेंसियों या CBI पर कोई शक नहीं है। ऐसा सिर्फ इसलिए है क्योंकि एक तरह का नैरेटिव गढ़ा जा रहा है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है, उसकी निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव के जांच हो।"
ताजा जानकारी के मुताबिक, CBI की टीम आज भोपाल पहुंचेगी और स्थानीय पुलिस से इस मामले की कमान अपने हाथ में ले लेगी। भोपाल पहुंचने पर, CBI पुलिस से इस मामले से जुड़े सभी दस्तावेज इकट्ठा करेगी, केस को दोबारा रजिस्टर करेगी और जांच शुरू कर देगी। 33 वर्षीय ट्विशा मूलतः नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर 2025 में उनकी शादी एक वकील समर्थ सिंह से हुई थी।
समर्थ की मां गिरिबाला सिंह स्वयं भी डिस्ट्रिक्ट जज के तौर पर काम कर चुकी हैं। शादी के कुछ ही महीनों के बाद 12 मई को ट्विशा की लाश, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल वाले घर में फंदे से लटकती हुई पाई गई। ट्विशा की मौत के बाद उनके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
उनके परिवार ने ट्विशा के पति समर्थ और सास गिरिबाला पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। वही समर्थ सिंह के परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि ट्विशा ड्रग्स की लत से जूझ रही थीं और इसी वजह से उसने ये कदम उठाया। इस पूरी घटना को लेकर अलग-अलग वर्जन या कहानियां भी सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि शादी के महज एक महीने बाद ही ट्विशा और समर्थ के बीच विवाद शुरू हो गए थे।
ट्विशा की भाभी ने दावा किया कि इंटरकास्ट मैरिज होने के कारण उसे लगातार नीचा दिखाने की कोशिश भी की जाती थी। कुछ मैसेज भी सामने आए थे कि, जिनमें से एक में ट्विशा ने लिखा था कि, "मेरा यहां दम घुट रहा है।" फिलहाल किसी एक निष्कर्ष पर आ पाना कठिन है। CBI द्वारा निष्पक्ष जांच के बाद ही असली सच और दोषी सामने आ पाएंगे।