महाराष्ट्र के मुंबई से दुखद खबर सामने आई है। चेंबूर इलाके में स्कूल से बच्चों को घर ले जा रही एक वैन पर पीपल का पेड़ गिर गया। यह घटना चेंबूर के रोड नंबर 11 पर हुई, जिस दौरान गाड़ी में लगभग 12 बच्चे सवार थे। इस हादसे में 10 बच्चे घायल हो गए। ताजा खबरों के मुताबिक, एक छोटे बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव के रूप में हुई है। यह वैन यूनिवर्सल हाई स्कूल (तिलक नगर) की बताई जा रही है।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारी, पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के कर्मचारी और मेडिकल टीम मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दलों ने तुरंत गाड़ी के अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकालने की कोशिशें शुरू कर दीं। ऑपरेशन के बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो यह घटना आज दोपहर 2 से 3 बजे के बीच हुई।
दावा किया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने BMC को बार-बार लिखकर पेड़ों को काटने या हटाने की रिक्वेस्ट की थी और बताया कि इस इलाके में पहले भी ऐसी ही घटना हो चुकी है। कई बार चेतावनी देने के बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया गया। फिलहाल अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है कि सड़क किनारे का पेड़ क्यों गिरा।
वे यह भी देखेंगे कि क्या हाल के मौसम या पेड़ की हालत की वजह से यह हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद, कई राहगीर और स्कूली बच्चों के माता-पिता घटनास्थल पर भी जमा हो गए थे। वहीं, आज मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान भी लगाया है।