त्रिपुरा की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (TTAADC) चुनावों में टिपरा मोथा पार्टी (TMP) एक शानदार जीत की ओर बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, TMP अब तक TTAADC की 28 सीटों में से 13 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। इनके अलावा वो 11 सीटों पर बढ़त भी बनाए हुए है। दोनों को मिलाकर ये आंकड़ा 24 तक पहुंच जाता है। वहीं बात करें भारतीय जनता पार्टी (BJP) की, तो उसने भी 1 सीट पर जीत दर्ज कर ली है और 3 पर बढ़त बनाए हुए है। दोनों को मिलाकर ये टोटल 4 तक पहुंच जाता है। इन दो पार्टियों के अलावा कोई भी दल अब तक अपना खाता नहीं खोल सका है। TMP के संस्थापक त्रिपुरा के महाराज (नाममात्र) प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देब बर्मा हैं।
TTAADC में बहुमत के लिए 15 सीटों की जरूरत होती है। 30 सीटों में 28 पर वोटिंग होती है और अन्य 2 सदस्यों को त्रिपुरा के राज्यपाल के द्वारा नॉमिनेट किया जाता है। चुनावों के ये रूझान यदि अंत तक ऐसे ही बने रहे, तो TTAADC पर लगातार कुछ बढ़ी हुई सीटों के साथ दूसरी बार TMP का कब्जा होगा। क्षेत्रीय दल की बात करें, तो इंडिजिनियस पीपल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (IPFT) भी इस समय शून्य पर मौजूद है। अन्य राष्ट्रीय दलों में कांग्रेस, नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) और एक समय पर राज्य में मजबूत लेफ्ट फ्रंट भी अपना खाता नहीं खोल सकी है। ये परिणाम दिखाते हैं कि TMP की लोकप्रियता अब भी बनी हुई है।
BJP के अब तक के रिजल्ट्स की बात करें, तो माछमारा सीट से मंजू रानी सरकार ने TMP के स्वपन कुमार चकमा को 4,719 वोटों से हरा दिया है। उनके अलावा दशदा-कंचनपुर सीट से BJP शैलेन्द्र नाथ, छावमनु से एस्मेल जॉय त्रिपुरा, नूतन बाजार-मालबासा से अबिन्द्र रियांग और सिलाचारी-मनुबांकुल सीट से कांगजाओग मोग आगे चल रहे हैं। वहीं TMP की ओर से विजयी प्रत्याशियों में सिमना-तमाकारी से रबिन्द्र देबबर्मा, तकारजाला-जंपुईजाला से सूरज देबबर्मा, बोधजंगनगर-वाखीनगर से रूनील देबबर्मा, राइमा वैली से धनंजय त्रिपुरा समेत कुछ अन्य उम्मीदवार जीत हासिल कर चुके हैं। वहीं करमछारा से रतीश त्रिपुरा, मनु-चैलेंगटा से हॉलीवुड चकमा, कुलाई-चंपाहौर से राजेश्वर देबबर्मा और रामचंद्रघाट से जेम्स देबबर्मा आगे चल रहे हैं।