यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर तकरार, इमरान मसूद ने उठाए गठबंधन पर सवाल

सपा ने बीते कल ही 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी, जिसमें बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी के नाम शामिल हैं।

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर तकरार, इमरान मसूद ने उठाए गठबंधन पर सवाल

इमरान मसूद ने सपा द्वारा एकतरफा उम्मीदवार घोषित किए जाने पर भी नाराजगी जताई है।

Share:

Highlights

  • सपा ने कल 5 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर दी है।
  • इमरान मसूद ने कहा की हम भिखारी नहीं है की सपा हमसे कहे की उसने हमें 26 सीटें दी है।
  • इमरान मसूद ने बताया की देश में भाजपा का मुकाबला करने के लिए राहुल गांधी ही गारंटी है।

2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सब कुछ ठीक नहीं लग रहा है। कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा द्वारा कांग्रेस के लिए महज 26 सीटों की चर्चा और एकतरफा उम्मीदवार घोषित किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। इस बीच, सपा ने बीते कल ही 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी, जिसमें बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी के नाम शामिल हैं।

इमरान मसूद ने कहा, हम भिखारी नहीं

सपा के इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने गठबंधन की गंभीरता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हम कोई भिखारी नहीं हैं कि आप हमें बताएं कि आपने हमें 26 सीटें दी हैं। जिन सीटों की हमने मांग ही नहीं की, वे हमें पत्रकारों और टीवी चैनलों के जरिए दिखाई जा रही हैं, जबकि गठबंधन की बैठक दिल्ली में चल रही है। यह पूरे गठबंधन की ईमानदारी पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। अगर आपको खुद ही सूची जारी करनी है, तो सभी 403 उम्मीदवारों की घोषणा कर दें।

पिछले चुनावों की दिलाई याद, राहुल गांधी को बताया जीत की गारंटी

मसूद ने सपा को पिछले चुनावों की याद दिलाते हुए कहा कि गठबंधन मांगने की चीज नहीं, बल्कि आपसी सहयोग का विषय है। उन्होंने कहा कि 2019 में सपा-बसपा गठबंधन को बेहद मजबूत बताया गया, लेकिन नतीजों में उन्हें वही 5 सीटें मिलीं जो 2014 में थीं। 2022 में भी गठबंधन 112 सीटों पर सिमट गया। असली बदलाव राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद आया, जिसने देश की राजनीति में नया नैरेटिव गढ़ा और यूपी में बड़ी जीत दिलाई। आज देश में भाजपा का मुकाबला करने की गारंटी राहुल गांधी हैं, इसलिए गठबंधन के फैसले बेहद गंभीरता और सोच-समझकर लिए जाने चाहिए।

भाजपा का पलटवार, केशव प्रसाद मौर्य ने गठबंधन को बताया ठगबंधन

सपा और कांग्रेस के बीच चल रही इस खींचतान पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस गठबंधन पर हमला बोलते हुए इसे ठगबंधन करार दिया। मौर्य ने कहा कि यह कोई गठबंधन नहीं, बल्कि ठगों, गुंडों, अपराधियों, भ्रष्टाचारियों और दंगाइयों का ठगबंधन है, जो न तो आज अच्छी स्थिति में है और न भविष्य में कभी होगा। यूपी की जनता बहुत समझदार है। 

सपा का समर्थन करना मुसीबत को न्योता देना है और कांग्रेस का समर्थन देश को बर्बादी की ओर धकेलना है। यही वजह है कि जनता मजबूती से भाजपा के साथ खड़ी है। चाहे ये मिलकर लड़ें या अलग-अलग, यूपी में तीसरी बार भी भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। चाहे वे गठबंधन करके चुनाव लड़ें या अलग-अलग, हार उनकी ही होगी। इस ठगबंधन में शामिल लोग भाजपा के कमल को खिलने से नहीं रोक सकते।

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular