दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला से एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है, जहां लगातार दो भूकंप के झटकों ने भारी तबाही मचाई है। पहला भूकंप 7.2, वहीं दूसरे भूकंप की तीव्रता 7.5 दर्ज की गई। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, पहला भूकंप सैन फिलिप के पास भारतीय समयानुसार लगभग सुबह 3.34 बजे आया।
इसके कुछ ही समय के बाद, युमारे के पास 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। USGS ने कहा कि जान-माल के भारी नुकसान की आशंका है और यह आपदा बड़े पैमाने पर तबाही मचा सकती है। अनुमान है कि मृतकों की संख्या 10 हजार से 1 लाख के बीच हो सकती है। इन भूकंपों के बाद, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने आपातकाल (State of Emergency) घोषित कर दिया है।
इमारतों और स्थानीय इंफ्रास्ट्रक्चर को भी भारी क्षति हुई है। राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने कहा कि स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन, सुरक्षा बल, चिकित्सा सेवाएँ और नागरिक सुरक्षा इकाइयाँ पूरे देश में तैनात की गई हैं। खोज और बचाव अभियान भी चल रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन हादसों पर शोक प्रकट करते हुए X पर लिखा, "वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है।
उन्होंने आगे लिखा, "भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।"
जापान से भी बुरी खबर आई, जहाँ 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। स्थानीय प्रेस को जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा, "आज सुबह लगभग 7:30 बजे इवाते प्रान्त के तट के पास भूकंप आया। आओमोरी प्रान्त के हाशिकामी शहर में तेज झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता '6 अपर' (6 Upper) तक मापी गई। सुनामी का कोई खतरा नहीं है। भूकंप के तुरंत बाद, सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय के संकट प्रबंधन केंद्र में एक सूचना संपर्क कार्यालय स्थापित किया और संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों के महानिदेशक-स्तर के अधिकारियों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई।"
ताकाइची ने आगे बताया, "हम नुकसान का आकलन करने और बचाव और राहत कार्यों सहित आपातकालीन आपदा प्रतिक्रिया उपाय लागू करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मैं उन क्षेत्रों के निवासियों से आग्रह करती हूँ जहाँ तेज झटके महसूस किए गए थे कि वे इसी तरह की तीव्रता वाले और भूकंपों के प्रति सतर्क रहें।"