श्रीभूमि में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का चुनाव प्रचार, कहा हम असम को घुसपैठियों से करेंगे मुक्त

शाह ने बड़े विश्वास के साथ कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भी परिवर्तन होने वाला है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के साथ ही न केवल घुसपैठ बंद होगी, बल्कि चुन-चुनकर हम घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे।

श्रीभूमि में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का चुनाव प्रचार, कहा हम असम को घुसपैठियों से करेंगे मुक्त

गृह मंत्री शाह ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा उन्होंने IMDT एक्ट पारित कर घुसपैठियों को दी शरण।

Share:

Highlights

  • गृह मंत्री शाह ने जनता को बताया की प्रधानमंत्री मोदी ने असमिया को क्लासिकल लैंग्वेज का दर्जा देने का काम किया है।
  • मुख्यमंत्री सरमा का जिक्र करते हुए शाह ने कहा की उन्होंने असम में 1.5 लाख बीघा जमीन घुसपैठियों से मुक्त कराई है।
  • अमित शाह ने अपने भाषण में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पर भी हमला बोला

असम में विधानसभा चुनावों को अब केवल 2 दिन ही शेष रह गए हैं और आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज श्रीभूमि जिले (पूर्व में करीमगंज) के पाथारकांदी में थे, जहां उन्होंने एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया। इस सभा में उन्होंने एक बार फिर अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए जनता से कहा, "इस बार BJP की सरकार बनाइए। हमने घुसपैठियों की पहचान पहले ही कर ली है। अब समय आ गया है कि उन्हें एक-एक करके हटाया जाए और देश से बाहर निकाल दिया जाए।" 

उन्होंने कहा, "आपको यह चुनना है कि एक तरफ BJP है, जिसने करीमगंज का नाम बदलकर श्रीभूमि कर दिया और दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी है, जो घुसपैठियों के समर्थन से सत्ता हासिल करना चाहती है। कांग्रेस पार्टी ने पूरे क्षेत्र को घुसपैठियों का गढ़ बना दिया है। वे पूरे असम के साथ भी यही करना चाहते हैं। मैं आज यहीं से यह कहता हूँ कि राहुल बाबा की तीन पीढ़ियाँ भी आ जाएँ, तो भी हम असम को घुसपैठियों से मुक्त कर देंगे।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुछ अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी ने बंगाली और असमिया को क्लासिकल लैंग्वेज का दर्जा देने का काम किया है। उन्होंने CAA का बचाव करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि ये पार्टी वोटबैंक की राजनीति के लिए CAA का विरोध कर रही है। गृह मंत्री शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने IMDT एक्ट पारित कर घुसपैठियों का यहां शरण देने का काम किया। 

शाह ने बड़े विश्वास के साथ कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भी परिवर्तन होने वाला है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के साथ ही न केवल घुसपैठ बंद होगी, बल्कि चुन-चुनकर हम घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 1.5 लाख बीघा जमीन घुसपैठियों से मुक्त कराने का काम किया है। 

कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए अमित शाह ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. भूपेन हजारिका को भारत रत्न से सम्मानित किया, तो कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि गाने-बजाने वाले को भारत रत्न दे दिया। अमित शाह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब से वे कांग्रेस पार्टी के नेता बने हैं, सभी कांग्रेसियों के सार्वजनिक जीवन का स्तर घटाने का काम किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे​ के बयान पर उन्होंने कहा, "कुछ दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि जो लोग और राज्य BJP का समर्थन करते हैं, वे अनपढ़ हैं। कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए। आप उस राज्य को अनपढ़ कह रहे हैं, जिसने हमें महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. विक्रम साराभाई और नरेंद्र मोदी जैसे नेता दिए।" अपने संबोधन के अंत में अमित शाह ने जनता से अनुरोध करते हुए कहा कि कमल के निशान वाले बटन को दबाइए और मुख्यमंत्री सरमा व प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत कीजिए। 

रिलेटेड टॉपिक्स